रीवा से सादाबुद्दीन सिद्दीकीएंकर: रीवा से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने शहर के बीचों-बीच चल रहे एक बड़े अवैध मिठाई कारोबार का भंडाफोड़ किया है। एक गुप्त रास्ते और भैंस के तबेले की आड़ में यहां पर बड़ी मात्रा में नकली मिठाइयां तैयार की जा रही थीं। आगामी त्योहारों को देखते हुए ये मिठाइयां तैयार की जा रही थी, खाद्य विभाग की टीम ने कार्यवाही करते हुए यहां से भारी मात्रा में नकली मिठाइयां जब्त की है।
रीवा शहर के बीचोंबीच रानी तालाब इलाके में स्थित एक तबेले की आड़ में चल रही अवैध मिठाई फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। आगामी त्योहारों के सीजन को देखते हुए यहां बड़े पैमाने पर मावे के नाम पर मैदा, लिक्विड ग्लूकोज और पॉम ऑयल से बनी नकली और मिलावटी मिठाइयां तैयार की जा रही थीं। ये मिठाइयां ज्यादातर छोटी दुकानों के साथ ही ग्रामीण इलाकों और किराना दुकानों में सप्लाई की जाती थी।भैंस
के तबेले के आड़ में चलाई जा रही इस अवैध फैक्ट्री पर, जब खाद्य विभाग की टीम ने छापा मारा, तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। जांच में सामने आया कि दुकानों पर सप्लाई की जा रही मिठाई, जिसे शुद्ध मावे की बताकर बेचा जा रहा था, उसमें मावे का नामोनिशान तक नहीं था। मावे की जगह मैदा, लिक्विड ग्लूकोज, पॉम ऑयल और कम गुणवत्ता वाली शक्कर मिलाकर कई तरह की रंग-बिरंगी मिठाइयां, जैसे – चॉकलेट बर्फी, यलो बर्फी, वर्क वाली बर्फी, मिल्क केक और पेड़े तैयार किए जा रहे थे।
खाद्य अधिकारी ने बताया कि, प्रतिष्ठानों में जाकर जांच की जा रही थी। तब देखा गया कि कुछ ऐसी मिठाइयां प्लास्टिक के डिब्बों में सप्लाई की जा रही हैं, जिनकी गुणवत्ता संदेहास्पद थी और दाम काफी कम थे। दावा किया जा रहा था कि ये मावे से बनी मिठाइयां हैं, जबकि प्रथम दृष्टया जांच में इनमें मावे का इस्तेमाल नहीं लग रहा था, मैदा इस्तेमाल होता समझ आ रहा था। सप्लायर्स के बारे में जानकारी जुटाने पर पता चला कि यह रानी तालाब के पास एक तबेले के पीछे अवैध रूप से संचालित फैक्ट्री में बन रही हैं।
मौके पर छापा मारा गया तो पता चला कि मैदा, ग्लूकोज और पॉम ऑयल मिलाकर अलग-अलग रंगों की मिठाइयां तैयार की जा रही थीं। यह काम झारखंड से आए लोग पिछले डेढ़ से दो महीने से कर रहे थे और आगामी त्योहारों के लिए करीब 2 क्विंटल स्टॉक तैयार किया गया था, जिसे जब्त कर लिया गया है। यह पूरी तरह से अवैध और स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है।


