पन्ना। दक्षिण पन्ना वनमंडल के रैपुरा क्षेत्र में रतनगांव के पास रेलवे ट्रैक पर एक तेंदुए का शव मिलने से हड़कंप मच गया। रेलवे ट्रैक की देखरेख करने वाले कर्मचारियों ने शव देखकर तत्काल वन विभाग को सूचना दी। जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।डीएफओ अनुपम शर्मा के अनुसार, प्रारंभिक जांच में तेंदुए की मौत तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से होना प्रतीत हो रही है। घटना की वास्तविक वजह की पुष्टि के लिए वन विभाग ने आसपास के जंगल और खेतों में सर्च ऑपरेशन चलाया। डॉग स्क्वाड की मदद से रेलवे ट्रैक और आसपास के इलाके की बारीकी से जांच की गई। साथ ही ग्रामीणों और रेलवे कर्मचारियों से भी जानकारी जुटाई गई। वन विभाग की टीम मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।