शाजापुर। जिले के मोहन बड़ोदिया थाना क्षेत्र अंतर्गत आगर-सारंगपुर रोड पर सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया। कुमारिया पाल के पास एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसकी चपेट में एक बाइक भी आ गई। हादसे के तुरंत बाद ट्रक में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए।आग इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा और बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मोहन बड़ोदिया थाना पुलिस की डायल 112 टीम मौके पर पहुंची, जिसमें पायलट राजपाल सिंह और पुलिसकर्मी शिवचरण दांगी शामिल थे। इसके बाद सारंगपुर से दमकल की गाड़ी भी मौके पर बुलाई गई।दमकल टीम ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन बीच में पानी खत्म होने से आग फिर भड़क उठी।
स्थिति को देखते हुए टीम दोबारा पानी भरकर लौटी और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।बताया जा रहा है कि ट्रक में मुर्गी का दाना भरा हुआ था और वह घोंसला से सारंगपुर की ओर जा रहा था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


