ठेले पर गाय लेकर तहसील पहुंचे गौसेवक, गोवंश को ‘राष्ट्रमाता’ घोषित करने की मांग

छतरपुर। गौ सम्मान आवाहन अभियान के तहत सोमवार को छतरपुर में गौसेवकों ने अनोखे तरीके से प्रदर्शन कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। बड़ी संख्या में गौसेवक एक गाय को ठेले पर बैठाकर तहसील कार्यालय पहुंचे, जिससे वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए।

तहसील पहुंचकर गौसेवकों ने राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने गोवंश को ‘राष्ट्रमाता’ एवं ‘राष्ट्र आराध्या’ का संवैधानिक दर्जा देने की मांग उठाई। गौसेवकों का कहना था कि गोवंश भारतीय संस्कृति और परंपरा का अभिन्न हिस्सा है, इसलिए इसे केवल एक पशु के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि इसे विशेष संवैधानिक सम्मान दिया जाना चाहिए।

इस दौरान प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं ने गौ संरक्षण और संवर्धन के लिए सख्त कानून बनाने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि देश में गोवंश की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाना जरूरी है।प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में अभियान से जुड़े गौसेवक और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को प्रशासन तक पहुंचाया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here