ड्रग्स-सट्टा-जमीन सिंडिकेट मामले में नया मोड़, डॉक्टर से पूछताछ के बाद थाने से भागा कॉलोनाइजर सुमित मंत्री

इंदौर के बहुचर्चित ड्रग्स, ऑनलाइन सट्टा और जमीन सिंडिकेट मामले में पुलिस जांच के दौरान नया मोड़ सामने आया है। कॉलोनाइजर सुमित मंत्री को बेड रेस्ट का मेडिकल सर्टिफिकेट देने वाले डॉक्टर दीपक बंसल से पुलिस ने पूछताछ की। इसी दौरान डॉक्टर ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि सुमित मंत्री ने मेडिकल सर्टिफिकेट का गलत इस्तेमाल किया। वहीं, पूछताछ की भनक लगने के बाद सुमित मंत्री राजेंद्र नगर थाने से निकल गया, जिसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है। मामले में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे से जुड़े एक और आरोपी को भी गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, डॉक्टर दीपक बंसल ने पूछताछ में बताया कि सुमित मंत्री उनके पास गले में खराबी और तेज बुखार की शिकायत लेकर आया था, जिसके बाद उन्होंने सामान्य तौर पर उसे पांच दिन आराम की सलाह दी थी। डॉक्टर का दावा है कि उन्होंने सुमित को मेडिकल पर्चे का इस्तेमाल पुलिस या कोर्ट की कार्रवाई से बचने के लिए नहीं करने की हिदायत दी थी, लेकिन आरोप है कि सुमित ने इसका गलत इस्तेमाल कर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की।इसी बीच सुमित मंत्री अपनी फर्मों की जानकारी और शुभम वैली कॉलोनी से जुड़े दस्तावेज लेकर राजेंद्र नगर थाने पहुंचा था।

पुलिस पूछताछ की जानकारी मिलने के बाद उसके वहां से चले जाने की बात सामने आई है। पुलिस अब उसकी तलाश कर रही है। वहीं पुलिस की टीमें शुभम वैली कॉलोनी के 374 प्लॉटों के दस्तावेज और संबंधित बैंक खातों की जांच कर रही हैं।उधर, ऑनलाइन सट्टे के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, ड्रग्स और सट्टा मामले में पहले गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। डीसीपी नरेंद्र रावत के मुताबिक, पूरे मामले में ड्रग्स, ऑनलाइन सट्टा और जमीन से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है और सबूत मिलने पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बाइट: नरेंद्र रावत, डीसीपी, इंदौर

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here