इंदौर की राजेंद्र नगर पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर युवतियों से कथित धोखाधड़ी और उन्हें बंधक बनाने के मामले में एक नेटवर्किंग कंपनी से जुड़े तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि रतलाम और आसपास के क्षेत्रों की रहने वाली युवतियों को अच्छी नौकरी का झांसा देकर इंदौर बुलाया गया और कंपनी में काम दिलाने के नाम पर उनसे 23 से 30 हजार रुपये लिए गए। काम पसंद नहीं आने पर युवतियों ने जब अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने कथित तौर पर उन्हें बंधक बना लिया और मारपीट की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने सोना निनामा, उर्मिला और कमलेश राणा के खिलाफ धोखाधड़ी और बंधक बनाने से संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।