मऊगंज जिले में कानून के रखवालों पर ही हमला किए जाने का मामला सामने आया है। यहां के लौर थाना क्षेत्र के सुकुलगमा गांव में जेवरात चोरी के मामले की जांच करने पहुंची पुलिस टीम के साथ न सिर्फ धक्का-मुक्की हुई, बल्कि एक महिला पुलिसकर्मी की वर्दी तक फाड़ दी गई। इस दौरान विरोध कर रही महिलाएं पुलिस वाहन के सामने लेट गई, और हंगामा करते हुए, अपना हाई वोल्टेज ड्रामा शुरु कर दिया, जिसके बाद किसी तरह पुलिस ने मामले को शांत कराया।
पूरा मामला लौर थाना अंतर्गत सुकुलगमा गांव का है, बताया जा रहा है कि घर की एक बहू के खिलाफ जेवरात चोरी की शिकायत थाने में दर्ज थी। संदेह के आधार पर पुलिस ने कई बार प्रियंका शर्मा को पूछताछ के लिए थाने बुलाया, लेकिन वह पेश नहीं हुईं। मंगलवार को पुलिस टीम नोटिस देने और पूछताछ के लिए लौर थाना क्षेत्र के शुकुलगवां गांव पहुंची।
आरोप है कि पुलिस को देखते ही घर की महिलाएं भड़क गईं और अभद्रता करने लगीं। इस दौरान एक महिला पुलिसकर्मी को घर के अंदर खींचकर दरवाजा बंद करने का प्रयास किया गया, जबकि उप निरीक्षक ज्ञानेंद्र पटेल के साथ धक्का-मुक्की की गई। इस झड़प के दौरान उनकी वर्दी भी फट गई। मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने खुद को घिरता देख, तुरंत थाने और लौर पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा, लेकिन विरोध कर रही महिलाएं हंगामा करते हुए, पुलिस वाहन के सामने लेट गईं, और हाई वोल्टेज ड्रामा शुरु कर दिया। काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही, जिसके बाद पुलिस ने समझाइश देकर हालात काबू में किए और पुलिसकर्मियों को छुड़ाया।फिलहाल मऊगंज पुलिस इस मामले में शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट और अभद्रता जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज करने की तैयारी कर रही है।


