शाजापुर*: सोमवार दोपहर शुजालपुर-आष्टा नेशनल हाईवे 752C पर फिल्मी स्टाइल में लूट की वारदात हुई। तिलावद और मैना के बीच बिना नंबर की दो बाइकों पर सवार 4 नकाबपोश बदमाशों ने चलती ट्रक को निशाना बनाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।
तेज रफ्तार ट्रक का पीछा कर एक बदमाश चलती बाइक से ट्रक के पिछले हिस्से पर कूदा। चाकू से रस्सी काटकर तिरपाल हटाया और अंदर से दो कीमती बॉक्स सड़क पर फेंक दिए। इसके बाद खुद भी कूदकर साथियों संग बाइक से फरार हो गया। पूरी वारदात महज 2 मिनट में हुई। पीछे चल रहे वाहनों के लोगों ने इस खौफनाक मंजर को मोबाइल में कैद कर लिया।
वीडियो में बदमाशों की निडरता साफ दिख रही है। दिनदहाड़े व्यस्त हाईवे पर हुई इस वारदात ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बिना नंबर की बाइक और लूट का तरीका पेशेवर गिरोह की ओर इशारा कर रहा है।


