खेत से लौटते समय 70 फीट गहरे कुएं में गिरा ट्रैक्टर, पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत; पांच घंटे चला रेस्क्यू अभियान

छतरपुर। जिले के ग्राम मथना में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में पिता और उनके 12 वर्षीय बेटे की जान चली गई। खेत से ट्रैक्टर लेकर लौट रहे पिता-पुत्र ट्रैक्टर सहित करीब 70 फीट गहरे कुएं में जा गिरे। करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस, एसडीआरएफ और ग्रामीणों की मदद से दोनों के शवों को कुएं से बाहर निकाला गया।ओरछा रोड थाना प्रभारी दीपक शर्मा के अनुसार, ग्राम मथना निवासी संतोष यादव (35 वर्ष), पिता सुंदर यादव, अपने 12 वर्षीय बेटे गजेंद्र उर्फ दुर्गेश यादव के साथ खेत पर जुताई करने गए थे। संतोष ने दीपावली के समय महिंद्रा कंपनी का नया ट्रैक्टर खरीदा था। खेत से वापस लौटते समय ट्रैक्टर पर नियंत्रण बिगड़ने से पिता-पुत्र ट्रैक्टर समेत कुएं में जा गिरे। बताया जा रहा है कि संतोष को ट्रैक्टर चलाने का अधिक अनुभव नहीं था।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। सबसे पहले मोटर की मदद से कुएं का करीब 15 से 20 फीट पानी खाली कराया गया। इसके बाद एसडीआरएफ के 6 से 7 जवानों, पुलिस बल और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर करीब पांच घंटे तक बचाव अभियान चलाया। रात करीब 9 से 9:30 बजे के बीच दोनों के शवों के साथ ट्रैक्टर को भी कुएं से बाहर निकाल लिया गया।थाना प्रभारी ने बताया कि संतोष तीन भाइयों में से एक थे। उनके परिवार में दो बेटियां हैं, जबकि गजेंद्र इकलौता बेटा था। इस हृदयविदारक हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की अग्रिम जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here