नर्मदापुरम के भोपाल-बैतूल नेशनल हाईवे पर बागदेव के पास दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत से हड़कंप मच गया। टक्कर के बाद LPG गैस सिलेंडरों से भरा ट्रक सड़क किनारे झाड़ियों में पलट गया और देखते ही देखते गैस सिलेंडर सड़क पर बिखर गए। सड़क पर सिलेंडर बिखरे देख वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने अपनी गाड़ियां घटनास्थल से दूर खड़ी कर दीं। हादसे के बाद हाईवे के दोनों तरफ करीब एक घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। हादसे में दोनों ट्रकों के चालक और कंडेक्टर घायल हुए हैं। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें पुलिस ने डायल-112 की मदद से इटारसी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है।
नर्मदापुरम जिले के केसला थाना क्षेत्र के बागदेव में दोपहर करीब साढ़े तीन बजे यह भीषण सड़क हादसा हुआ। जानकारी के मुताबिक, बैतूल की तरफ से इटारसी आ रहा LPG सिलेंडरों से भरा ट्रक क्रमांक MP 07 GA 9499 सामने से आ रहे जेसीबी लोड ट्रक क्रमांक HR 14 B 6935 से टकरा गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि LPG सिलेंडरों से भरा ट्रक सड़क किनारे झाड़ियों में जा पलटा। ट्रक में रखे सिलेंडर सड़क पर फैल गए। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।हादसे के दौरान ट्रक में आग लगने की अफवाह फैलते ही मौके पर मौजूद लोगों और वाहन चालकों में दहशत फैल गई। एहतियात के तौर पर इटारसी नगरपालिका और ऑर्डनेंस फैक्ट्री की फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। हालांकि राहत की बात यह रही कि गैस सिलेंडरों में कोई विस्फोट नहीं हुआ। अगर सिलेंडरों में आग या धमाका होता तो हादसा और भी गंभीर रूप ले सकता था।
सूचना मिलते ही केसला पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क पर बिखरे LPG सिलेंडरों को हटाने का काम शुरू किया। पुलिस ने सिलेंडरों को सड़क से हटाकर यातायात को सुचारू कराया। हादसे के चलते हाईवे के दोनों तरफ करीब एक घंटे तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही। पुलिस ने घायल चालक और कंडेक्टर को डायल-112 की मदद से इटारसी के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल केसला पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।