शिवपुरी जिले के पिछोर थाना क्षेत्र में शादी कराने के नाम पर हरियाणा के एक परिवार से 2.25 लाख रुपये, सोने की चैन और मोबाइल लूटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शादी कराने का झांसा देकर परिवार को बुलाया गया, फिर रास्ते में रोककर मारपीट की गई, गाड़ी में तोड़फोड़ की गई और शादी के बाद साथ ले जा रही युवती को भी उसके परिजन वापस ले गए। पीड़ित परिवार ने पिछोर थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।हरियाणा के गुरुग्राम जिले के ग्राम घेगोंला की रहने वाली प्रीती फोगाट ने बताया कि उनके भाई योगेंद्र कुमार जाखड़ की शादी नहीं हुई थी। उत्तर प्रदेश के महुरानीपुर जिले के ग्राम उलधन निवासी काशीराम अहिरवार और शैलेंद्र अहिरवार ने उनके नाना टेक सिंह से संपर्क कर शादी कराने का भरोसा दिलाया था।बताया गया कि 13 जुलाई को प्रीती, उनके भाई योगेंद्र, नाना टेक सिंह, भाभी आकाश और अन्य परिजन कार से बबीना पहुंचे, जहां से काशीराम और शैलेंद्र उन्हें पिछोर क्षेत्र के नयागांव चौराहे के पास एक गांव में ले गए। वहां योगेंद्र की शादी एक युवती से कराई गई।आरोप है कि शादी के बाद रात में जब परिवार युवती को लेकर वापस लौट रहा था, तभी रात करीब 9:30 बजे युवती के परिजनों ने रास्ता रोक लिया। उन्होंने पहले पैसे देने की बात कही और फिर फोन-पे के माध्यम से एक लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए। इसके अलावा परिवार के पास रखे 1.25 लाख रुपये नकद, प्रीती की सोने की चैन और चालक देशराज का मोबाइल भी छीन लिया। विरोध करने पर मारपीट की गई और कार में तोड़फोड़ कर दी गई। इसके बाद युवती को भी अपने साथ ले गए।घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पिछोर थाने पहुंचकर काशीराम अहिरवार और शैलेंद्र अहिरवार सहित अन्य लोगों के खिलाफ शादी के नाम पर ठगी, लूट, मारपीट और जबरन वसूली की लिखित शिकायत दी है। पुलिस से पूरे मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।इस मामले में पिछोर एसडीओपी प्रशांत शर्मा का कहना है कि हरियाणा से यह लोग शादी करने आए थे। दोनों पक्षों में लेन देन को लेकर विवाद की आशंका है। पुलिस पहले मामले की जांच कर रही है। बाद में उचित कार्यवाही की जाएगी।