रीवा में कृषि विभाग के जर्जर भवन का छज्जा गिरने से हुई युवक की मौत के बाद, परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने शव रखकर कलेक्ट्रेट के सामने चक्काजाम कर विरोध जताते हुए मुआवजे की मांग पर अड़ गए। मौके पर पहुँचे प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझा-बुझाकर स्थिति पर काबू पाया, और जाम खुलवाया।
बुधवार रात हुई जोरदार बारिश के दौरान दुकान के नीचे खड़े बहुरी बांध निवासी राकेश उपाध्याय के ऊपर कृषि विभाग के जर्जर भवन का छज्जा गिर गया, जिसकी अस्पताल पहुंचने के बाद मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शासन स्तर से मिलने वाली सहायता राशि की माँग को लेकर, परिजनों ने सड़क शव रखकर चक्काजाम कर दिया।
प्रशासन ने परिजनों को समझाया कि RBC 6-4 के तहत शासन स्तर पर 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का प्रावधान है। आवश्यक दस्तावेज़ और जानकारी लेकर पीड़ित परिवार को यह सहायता राशि जल्द से जल्द प्रदान की जाएगी। इसका आश्वासन मिलने के बाद परिजन संतुष्ट होकर शव लेकर चले गए और जाम खुल सका।


