लाठी-डंडों के हमले में घायल दुकानदार की इलाज के दौरान मौत, परिजनों ने की हत्या की धाराओं में केस दर्ज करने की मांग

ग्वालियर में मामूली विवाद पर लाठी – डंडों से किए गए जानलेवा हमले में घायल दुकानदार की इलाज के दौरान मौत हो गई है। हमले के 2 आरोपी नामजद हैं, जबकि 5 अन्य के खिलाफ भी केस दर्ज किया जा चुका है। वहीं मृतक के परिजन अब हमलावरों के खिलाफ हत्या की धाराओं में केस दर्ज किए जाने की मांग कर रहे हैं।दरअसल गिरवाई थाना अंतर्गत बेला की बावड़ी हाइवे पर रामनिवास गुर्जर की किराने की दुकान में छोटा ढाबा और भैंसों का तबेला है। 16 अगस्त को रामनिवास गुर्जर अपनी दुकान पर बैठे थे। तभी नया गांव निवासी साहब सिंह गुर्जर और मेहताब गुर्जर शराब के नशे में धुत्त होकर ढाबे पर पहुंचे थे। बताया गया है कि यहां समान खरीदने को लेकर दोनों युवक, रामनिवास से उलझ गए और गाली गलौंच करने लगे। इस दौरान दुकान पर मौजूद अन्य लोगों ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर शांत करा दिया था। इसके बाद दोनों युवक चले गए थे। रामनिवास के भतीजे अमन का आरोप है कि झगड़े के दूसरे दिन यानी 17 अगस्त दोनों युवक साहब सिंह और मेहताब सिंह कार में सवार होकर पांच अन्य युवकों के साथ आ धमके। आरोपी लाठी – डंडों और हथियारों से लैस थे। इस दौरान दुकान पर चाचा रामनिवास के साथ अमन भी बैठा हुआ था। अमन की मानें तो युवकों ने ढाबे पर पहुंचते ही गाली गलौंच करते हुए हमला कर दिया। हमले में रामनिवास गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गया था। रामनिवास को मरणासन्न स्थिति में देखकर आरोपी कार में सवार होकर भाग निकले थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और दोनों घायलों को इलाज के लिए जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था। इस घटना में रामनिवास गंभीर रूप से घायल था, लेकिन अमन को मामूली चोटें आईं थीं। लिहाजा प्राथमिक उपचार के बाद अमन को डिस्चार्ज कर दिया गया था। पुलिस ने अमन गुर्जर की शिकायत पर साहब सिंह गुर्जर और मेहताब सिंह गुर्जर सहित पांच अन्य आरोपियों के विरुद्ध मारपीट की धाराओं में केस दर्ज कर लिया था। गुरुवार अल सुबह रामनिवास ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को निगरानी में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। मृतक के परिजनों की मांग है कि आरोपियों के विरुद्ध हत्या की धाराओं में केस दर्ज किया जाए। ऐसे में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ केस पूर्व से दर्ज है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तथ्यानुसार विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम करके मामले की विवेचना शुरू कर दी है। साथ ही घटना से जुड़े ज्यादा से ज्यादा साक्ष्य एकत्र किए जाने की कोशिश की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here