मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। हीरानगर क्षेत्र में दिनदहाड़े एक दवा कंपनी के इंजीनियर शिवम चतुर्वेदी से लूट की कोशिश का मामला सामने आया है, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।जानकारी के मुताबिक, सुबह के समय शिवम चतुर्वेदी अपनी एक्टिवा से ड्यूटी पर जा रहे थे।
इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें रास्ते में रोकने का इशारा किया। जैसे ही शिवम रुके, पीछे बैठे बदमाश ने चाकू निकालकर उन्हें धमकाना शुरू कर दिया।अचानक हुए इस हमले से घबराए इंजीनियर ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए अपनी एक्टिवा मौके पर ही छोड़ दी और जान बचाने के लिए पास की गली की ओर दौड़ पड़े।
बदमाशों की नजर उनके मोबाइल और सोने की चेन पर थी, लेकिन उनकी कोशिश नाकाम रही।पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें बदमाशों की हरकत साफ दिखाई दे रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


