बागेश्वर धाम बना जनकपुर, 305 दामादों के स्वागत को सजा धाम

छतरपुर। बागेश्वर धाम इन दिनों 10 दिवसीय विवाह महोत्सव के चलते अद्भुत आध्यात्मिक और सामाजिक उत्साह का केंद्र बना हुआ है। 305 दामादों के स्वागत के लिए पूरा धाम जनकपुर की तरह सजाया गया है। रंग-बिरंगी रोशनी, फूलों की आकर्षक सजावट और पारंपरिक तोरण द्वारों से संपूर्ण क्षेत्र भव्य नजर आ रहा है।

मध्यप्रदेश और राजस्थान के उपमुख्यमंत्रियों व मंत्रिगणों के साथ अर्जेंटीना, चिली, पेरू, उरुग्वे, कोलंबिया, पनामा, सूरीनाम और पैराग्वे के राजदूत भी बेटियों को आशीर्वाद देने पहुंचेंगे। सामाजिक समरसता के इस महायज्ञ में लाखों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

संत-महात्माओं और जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति

शनिवार को आंध्र प्रदेश के चर्चित विधायक टी राजा, दिल्ली सांसद मनोज तिवारी, कथावाचक अनुराग कृष्ण शास्त्री, झांसी के अर्पित दास महाराज, अयोध्या के रामदास महाराज और राजू दास महाराज, ग्वालियर के राम भजन दास महाराज, बद्रीनाथ के बाल योगेश्वर दास महाराज सहित अनेक संत-महात्माओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। प्रसिद्ध कथावाचक देवी चित्रलेखा भी कार्यक्रम में शामिल रहीं।

305 मंडप, हर बेटी को सम्मान

305 जोड़ों के लिए 305 अलग-अलग मंडप बनाए गए हैं, ताकि वैदिक रीति-रिवाजों से विधिवत पाणिग्रहण संस्कार संपन्न हो सके। हर बेटी को गृहस्थी का आवश्यक सामान उपहार स्वरूप दिया जा रहा है, जिससे उनका मान और सम्मान बढ़ रहा है।

भव्य भंडारा, नागपुर से आई रसमलाई

पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के निर्देशन में भंडारे की विशेष व्यवस्था की गई है। 5 से 8 लाख लोगों के भोजन की तैयारी की गई है। सात प्रकार की मिठाइयों के साथ रसमलाई विशेष रूप से नागपुर से मंगाई गई है। बारातियों के लिए बफे सिस्टम से भोजन की व्यवस्था की गई है।

हल्दी-मेहंदी और साधना दीक्षामहोत्सव के अंतिम तीन दिनों में विशेष कार्यक्रम आयोजित हुए। हल्दी समारोह में दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं और बेटियों को हल्दी लगाई गई। अगले दिन मेहंदी कार्यक्रम में कानपुर सहित विभिन्न स्थानों से आए कलाकारों ने बेटियों के हाथों में मेहंदी रचाई। मंच पर उपस्थित संतों के हाथों में भी मेहंदी लगाई गई।

दीक्षा प्रभारी चक्रेश सुल्लेरे के अनुसार, 1200 लोगों ने सन्यासी बाबा की साधना दीक्षा ग्रहण की। साधकों को जप, मंत्र और साधना के माध्यम से जनकल्याण का संदेश दिया गया।संकल्प दर्शन दीर्घा बनी आकर्षण का केंद्रआयोजन स्थल पर लगाई गई ‘संकल्प दर्शन दीर्घा’ श्रद्धालुओं को सनातन के इतिहास, तप और संघर्ष की गाथा से परिचित करा रही है। पेप्टिक ग्रुप के डायरेक्टर विनय चौरसिया द्वारा तैयार यह दीर्घा आध्यात्मिक प्रेरणा का केंद्र बनी हुई है।

विधायक की सेवा भावनाराजनगर विधायक अरविंद पटेरिया पिछले दो दिनों से अपने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ श्रद्धालुओं को खिचड़ी प्रसाद वितरित कर रहे हैं। देश-विदेश से आए भक्तों के बीच वे सेवा और समर्पण का उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं।305 बेटियों के विवाह के साथ यह महोत्सव सामाजिक समरसता, सेवा और सनातन संस्कारों का विराट उत्सव बन गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here