छतरपुर। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अपनी 15 दिवसीय ऑस्ट्रेलिया यात्रा पूर्ण कर आज बुंदेलखंड लौट आए। वे खजुराहो एयरपोर्ट पहुंचे, जहां उनके स्वागत के लिए सैकड़ों की संख्या में अनुयायी और श्रद्धालु पहले से मौजूद रहे।जैसे ही बागेश्वर महाराज अपनी मातृभूमि पर उतरे, उन्होंने “भारत माता की जय” के गगनभेदी उद्घोष के साथ धरती को नमन किया। एयरपोर्ट परिसर में उनका पुष्पमालाओं से भव्य स्वागत किया गया।
इस दौरान श्रद्धालुओं में भारी उत्साह और श्रद्धा देखने को मिली।बागेश्वर महाराज ने अपनी ऑस्ट्रेलिया यात्रा को अत्यंत सफल और प्रेरणादायक बताया। उन्होंने जानकारी दी कि प्रवास के दौरान उन्होंने विभिन्न शहरों में सनातन धर्म का व्यापक प्रचार-प्रसार किया। इस दौरान उन्होंने Sydney Opera House और Parliament of New South Wales जैसे प्रतिष्ठित स्थलों पर अपने विचार रखे, जहां उनके उद्बोधनों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों का गौरव बढ़ाया।
उन्होंने बताया कि ऑस्ट्रेलिया में रह रहे सनातन धर्मावलंबियों ने उनका भव्य स्वागत किया और कई स्थानों पर सम्मानित भी किया। यात्रा के अनुभव साझा करते हुए बागेश्वर महाराज ने कहा कि यह प्रवास उनके लिए संतोषजनक रहा और इससे वैश्विक स्तर पर सनातन संस्कृति के प्रचार को नई दिशा मिली।बुंदेलखंड वापसी पर उनके अनुयायियों में खुशी का माहौल है और बागेश्वर धाम में उनके आगमन को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है।


