इंदौर के विधानसभा क्षेत्र-1 स्थित बाणेश्वरी मंदिर को अब महाकाल लोक की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को “बाणेश्वर लोक” नाम दिया गया है, जिस पर इंदौर विकास प्राधिकरण करीब 15 से 20 करोड़ रुपये खर्च करेगा। इसका उद्देश्य मंदिर परिसर को एक भव्य धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित करना है, जहां श्रद्धालुओं को आधुनिक सुविधाएं भी मिल सकें।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इंटरनेट के प्रभाव को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इंटरनेट जहां ज्ञान का माध्यम है, वहीं इसके नकारात्मक प्रभाव से युवा, खासकर बेटियां भटक सकती हैं। उन्होंने “लव जिहाद” जैसे मुद्दों का जिक्र करते हुए समाज को अपनी परंपराओं और संस्कारों से जुड़े रहने की अपील की।
महिला आरक्षण बिल पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में आरक्षण देने के लिए प्रतिबद्ध हैं, लेकिन विपक्ष के कारण यह अभी तक लागू नहीं हो सका। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में यह संकल्प जरूर पूरा होगा।
पश्चिम बंगाल की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए विजयवर्गीय ने कहा कि सत्ताधारी दल को हार का अंदेशा हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान गड़बड़ियां की गईं, हालांकि भारत निर्वाचन आयोग की सख्ती से इस बार चुनाव अपेक्षाकृत निष्पक्ष और भयमुक्त रहे।
वहीं बरगी डैम में हुए हालिया हादसे पर दुख जताते हुए उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। मुख्यमंत्री द्वारा जांच के आदेश दिए गए हैं और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस घटना का असर पर्यटन पर पड़ सकता है, क्योंकि पर्यटक सुरक्षा को प्राथमिकता देते हैं।


