वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) अपनी विदाई से पूर्व कुछ ऐसा करके जाना चाहते हैं कि उनके बच्चों और करीबियों को भविष्य में परेशानी न उठानी पड़े. ट्रंप को अंदेशा है कि सत्ता संभालने के बाद जो बाइडेन (Joe Biden) उन्हें निशाना बना सकते हैं. बाइडेन प्रशासन कुछ ऐसे फैसले ले सकता है, जिससे ट्रंप, उनके बच्चे और करीबियों के लिए परेशानी खड़ी हो सकती है, इसलिए वह जाने से पहले ही सबकुछ ठीक करना चाहते हैं.
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) जाते-जाते अपने तीन बच्चों, निजी वकील रुडोल्फ डब्ल्यू गिलियानी सहित सभी ऐसे करीबियों को बतौर राष्ट्रपति अग्रिम माफी देने की योजना बना रहे हैं, जिनके खिलाफ अदालतों में मुकदमा चल रहा है या भविष्य में चल सकता है. रिपोर्ट में कहा गया है कि ट्रंप ने अपने सलाहकारों से चिंता जाहिर की है कि जो बाइडेन (Joe Biden) के सत्ता संभालने के बाद न्याय विभाग उनके तीन बच्चों डोनाल्ड ट्रंप जूनियर, एरिक ट्रंप और इवांका ट्रंप (Ivanka Trump) को निशाना बना सकता है.
ये भी पढ़ें- मुश्किल में Benjamin Netanyahu, इजरायल में संसद भंग करने का प्रस्ताव पारित
ये हैं आरोप
ट्रंप को यह भी लगता है कि नई सरकार इवांका के पति जेरार्ड कुशनर और उनके वकील रुडोल्फ डब्ल्यू गिलियानी को भी निशाना बना सकती है. बता दें कि कुशनर भी ट्रंप प्रशासन के दौरान व्हाइट हाउस के सलाहकारों में शामिल रहे हैं. ट्रंप जूनियर पर आरोप है कि 2016 के राष्ट्रपति चुनाव में उन्होंने हिलेरी क्लिंटन की छवि को नुकसान पहुंचाने वाली जानकारी रूस के साथ साझा की थी. हालांकि, उन पर कभी मुकदमा नहीं चलाया गया. वहीं, ट्रंप के दामाद पर आरोप है कि उन्होंने विदेशियों से रिश्तों को लेकर जानकारी छिपाई है. अभी यह स्पष्ट नहीं है कि डोनाल्ड ट्रंप एरिक और इवांका ट्रंप पर लगे किन आरोपों को लेकर चिंतित हैं.
Trump ने कहा, ‘मैं वापस आऊंगा’
इस बीच, ट्रंप ने दावा किया है कि वे एक बार फिर वापसी करेंगे. बुधवार को व्हाइट हाउस में एक क्रिसमस पार्टी के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने अपने समर्थकों से कहा कि वे अगले चुनाव में फिर से किस्मत आजमाएंगे. अमेरिकी मीडिया में पहले भी इस तरह की खबरें आई थीं कि ट्रंप 2024 में फिर रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रपति पद के प्रत्याशी हो सकते हैं. पार्टी में मेहमानों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा, ‘व्हाइट हाउस में मेरे चार साल बेहद शानदार तरीके से गुजरे. मैं फिर चार साल के लिए यहां आना चाहता हूं. इस बार न सही, अगली बार यहां फिर आना चाहूंगा’.