छतरपुर/ हैदराबाद। तीन दिवसीय श्री हनुमंत कथा एवं दिव्य दरबार के सफल समापन के बाद बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री सोमवार को अपनी हैदराबाद यात्रा के समापन से पहले चारमीनार स्थित प्रसिद्ध प्राचीन श्री भाग्यलक्ष्मी मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने माँ भाग्यलक्ष्मी के दर्शन कर देश, धर्म और समाज के कल्याण की प्रार्थना की।बागेश्वर सरकार के मंदिर पहुंचने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में सनातनी श्रद्धालु वहां एकत्र हो गए। मंदिर समिति और पुजारियों ने उनका चुनरी और पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया। दर्शन के बाद श्रद्धालुओं ने ‘जय श्री राम’ और ‘जय बागेश्वर बालाजी’ के जयघोष लगाए। बागेश्वर सरकार ने वाहन पर खड़े होकर हाथ जोड़कर श्रद्धालुओं का अभिवादन किया। इस दौरान कुछ बहनों ने उन्हें राखी भी बांधी।मीडिया से बातचीत में बागेश्वर सरकार ने कहा कि रामलला मंदिर की तर्ज पर भाग्यलक्ष्मी मंदिर का भी निर्माण होना चाहिए। उन्होंने कहा कि वे कथा के लिए दोबारा हैदराबाद आएंगे। इस दौरान हैदराबाद के विधायक टाइगर राजा सहित मंदिर समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।


