दमोह में भाजपा नेता की मौत ने लिया संदिग्ध मोड़: हिट एंड रन या हत्या? जांच में जुटी पुलिस

दमोह-सागर स्टेट हाईवे पर मंगलवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर की मौत के बाद मामला अब संदिग्ध होता नजर आ रहा है। शुरुआती तौर पर यह घटना सड़क हादसा मानी जा रही थी, लेकिन स्थानीय लोगों द्वारा दी जा रही जानकारी और घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए अब हिट एंड रन के साथ हत्या की आशंका भी जताई जाने लगी है।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पूरे मामले की गहन जांच में जुटे हुए हैं।जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब साढ़े चार से पांच बजे के बीच सागर रोड स्थित मड़ियाहार नर्सरी के सामने एक तेज रफ्तार सफेद रंग की स्कॉर्पियो (क्रमांक MP04SJ0999) ने बाइक सवार देवेंद्र ठाकुर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और स्कॉर्पियो उन्हें कुचलते हुए मौके से फरार हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों का दावा है कि वाहन चालक ने बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद गाड़ी आगे-पीछे भी की। घटनास्थल पर भारी मात्रा में खून फैला होने और शरीर की गंभीर स्थिति को देखते हुए लोगों ने हत्या की आशंका जताई है।

मृतक की पहचान बांसा क्षेत्र निवासी 45 वर्षीय देवेंद्र ठाकुर के रूप में हुई है, जो भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष रह चुके थे और विधायक Jayant Malaiya के करीबी समर्थक माने जाते थे। बताया जा रहा है कि वे मंगलवार शाम अपने गांव लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में भाजपा नेता, कार्यकर्ता और राजपूत क्षत्रिय समाज के लोग मौके पर पहुंच गए।

भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे, सिद्धार्थ मलैया, पूर्व मंडल अध्यक्ष अखिलेश हजारी सहित कई नेताओं ने घटनास्थल पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी और निष्पक्ष जांच की मांग की।इधर, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है। एसपी आनंद कलादगी ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण कर सभी पहलुओं की जांच के निर्देश दिए हैं। एडिशनल एसपी एसएस भदौरिया, सीएसपी एचआर पांडे, कोतवाली और देहात थाना पुलिस टीम लगातार जांच में जुटी हुई है।

जानकारी के मुताबिक, हादसे में इस्तेमाल स्कॉर्पियो वाहन को बाद में सागर रोड बाईपास स्थित निर्माणाधीन नए बस स्टैंड के पास लावारिस हालत में छोड़ दिया गया। आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।पुलिस ने मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पूरे मामले ने शहर में सनसनी फैला दी है।

बाइट आनंद कलादगी, एसपी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here