उज्जैन। अवैध संबंधों की आग ने एक परिवार को झकझोर कर रख दिया। उज्जैन के पवासा थाना क्षेत्र में एक युवती ने सरेराह थाने के बाहर अपने बॉयफ्रेंड की पत्नी पर ब्लेड से हमला कर दिया। हमले में घायल महिला के गले में 12 टांके आए हैं और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।पवासा थाना पुलिस ने बताया कि बजरंग नगर निवासी शुभम प्रजापत शादीशुदा होने के बावजूद एक अन्य युवती के साथ प्रेम संबंध में था। आरोप है कि पिछले कुछ समय से वह युवती शुभम और उसके परिवार को लगातार प्रताड़ित कर रही थी। परिवार ने कई बार समझाने की कोशिश की, लेकिन विवाद बढ़ता ही गया। मामला तब और बिगड़ गया जब आरोपी युवती शुभम के घर पहुंच गई। घर में विवाद और हाथापाई के दौरान युवती ने शुभम की 18 महीने की पोती को भी धक्का देकर नीचे गिरा दिया। परेशान होकर पूरा परिवार मामले की शिकायत करने पवासा थाने पहुंचा। लेकिन आरोपी युवती का दुस्साहस यहीं नहीं रुका। थाने के ठीक सामने ही उसने शुभम की पत्नी पर ब्लेड से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में पत्नी लहूलुहान होकर गिर पड़ी। मौके पर मौजूद पुलिस ने तुरंत डायल 112 की मदद से घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार महिला के गले पर गहरे घाव आए हैं, जिसमें करीब 12 टांके लगे हैं। फिलहाल उसका इलाज जारी है और हालत गंभीर बनी हुई है।यह हुई कार्यवाहीपवासा थाना पुलिस ने आरोपी युवती के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। थाने के सामने दिनदहाड़े हुए इस हमले ने कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।


