रायपुर. छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) की राजधानी रायपुर (Raipur) में बीजेपी (BJP) के कई बड़े नेता गिरफ्तार (Arrest) कर लिए गए हैं. राज्य में पेट्रोल और डीजल पर वैट कम करने की मांग को लेकर सभी नेता राजधानी में प्रदर्शन कर रहे थे. बड़ी संख्या में पहुंचे बीजेपी नेताओं ने शास्त्री चौक पर चक्काजाम कर दिया. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, विधायक बृजमोहन अग्रवाल, सांसद सनील सोनी समेत कई बड़े नेताओं को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने पहले सभी को सड़क खाली करने की समझाइस दी, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने. इसके बाद स्थानीय पुलिस ने बीजेपी के कई बड़े नेताओं को गिरफ्तार कर लिया है. इस तरह का प्रदर्शन राज्य के सभी जिलों में बीजेपी कर रही है.
केन्द्र सरकार द्वारा बीते 3 नवंबर को पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी कम कर दी गई थी, जिसके बाद से लगातार बीजेपी प्रदेश सरकार पर वैट कम करने का दबाव बना रही है. वैट कम करने को लेकर ही रणनीति बनाकर बीजेपी प्रदर्शन कर रही है. इसके तहत ही आज रायपुर में एकात्म परिसर में बीजेपी के प्रदेश स्तरीय नेता जुट और शात्री चौक तक पैदल ही रैली निकाली. इसके बाद यहीं सभी ने चक्काजाम कर दिया. चक्काजाम होने के कारण आम लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा. पुलिस ने भीड़ हटाने के लिए मौके पर मौजूद बीजेपी के बड़े नेताओं की गिरफ्तारी की.
100 रुपये से ज्यादा बिक रहा पेट्रोल
बता दें कि केन्द्र सरकार द्वारा पेट्रोल डीजल पर एक्साइज ड्यूटी कम करने के बाद भी छत्तीसगढ़ में अब भी पेट्रोल प्रति लीटर 100 रुपये से ज्यादा की दर पर बिक रहा है. रायपुर में पेट्रोल 101.76 रुपये, दुर्ग में 102.52 रुपये प्रति लीटर की दर पर बिक रहा है. जबकि प्रदेश में डीजल की औसतन कीमत करीब 95 रुपये प्रति लीटर है. राज्य सरकार की ओर से भी वैट कम करने के संकेत दिए हैं. 22 नवंबर को होने वाली कैबिनेट की बैठक में इसपर निर्णय लिया जा सकता है.
पढ़ें Hindi News ऑनलाइन और देखें Live TV News18 हिंदी की वेबसाइट पर. जानिए देश-विदेश और अपने प्रदेश, बॉलीवुड, खेल जगत, बिज़नेस से जुड़ी News in Hindi. हमें Facebook, Twitter, Instagram और Telegram पर फॉलो करें.
Tags: BJP Leader, Chhattisgarh news, Raipur news

