मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में मानवता को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी पर अवैध संबंधों का शक करते हुए उसके साथ बर्बरता की हदें पार कर दीं। आरोप है कि पति ने पहले पत्नी को बांध दिया, फिर बेरहमी से उसकी पिटाई की और उसके गुप्तांग पर भी हमला किया, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।घटना के बाद परिजनों ने महिला को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार पीड़िता की हालत नाजुक बनी हुई है।
परिजनों ने बताया कि आरोपी पति अपनी पत्नी पर उसकी ही बहन के बेटे के साथ अवैध संबंध होने का आरोप लगा रहा था। हालांकि परिवार ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। उनका कहना है कि जिस युवक पर आरोप लगाया गया है, वह महज 18-19 साल का है और पीड़िता के लिए बेटे समान है। वह केवल सामान छोड़ने घर आया था और रुका भी नहीं था।बताया जा रहा है कि आरोपी ने केवल शक के आधार पर यह खौफनाक कदम उठाया और महिला को अमानवीय यातनाएं दीं।
मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले ने बताया कि आरोपी पति के खिलाफ मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पीड़िता की मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है और लोग इस अमानवीय कृत्य की कड़ी निंदा कर रहे हैं। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।


