छतरपुर : नौतपा की शुरुआत होते ही मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। छतरपुर जिले का खजुराहो प्रदेश में सबसे गर्म स्थान दर्ज किया गया, जहां तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं नौगांव में 46.8 डिग्री और दतिया में 45.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।मौसम विभाग के अनुसार नौतपा के पहले ही दिन प्रदेश में इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। लोग घरों में कैद रहने को मजबूर दिखे, जबकि बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी आवाजाही कम रही।विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक गर्मी और लू का असर और बढ़ सकता है। प्रशासन ने लोगों को दोपहर में अनावश्यक बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और सावधानी बरतने की सलाह दी है।भीषण गर्मी का असर जनजीवन के साथ-साथ बिजली और पानी की मांग पर भी देखने को मिल रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में जल संकट की स्थिति और गंभीर होने लगी है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ रही है।


