बुंदेलखंड को 184 करोड़ की सौगात, पन्ना में CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज पन्ना पहुंचे, जहां उन्होंने बुंदेलखंड को 184 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। अपने दौरे की शुरुआत मुख्यमंत्री ने प्रसिद्ध श्री जुगल किशोर जी मंदिर में दर्शन-पूजन के साथ की। इसके बाद होमगार्ड मैदान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने पन्ना को हीरों और वीरों की भूमि बताया। मुख्यमंत्री ने 184 करोड़ रुपये के विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। साथ ही एक क्लिक के माध्यम से प्रदेश के 35 लाख पेंशनधारियों के खातों में 210 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की।

केन-बेतवा लिंक परियोजना का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आने वाले समय में बुंदेलखंड का किसान पंजाब और हरियाणा को भी पीछे छोड़ देगा। उन्होंने किसानों से भावुक अपील करते हुए कहा कि वे अपनी जमीनें न बेचें, क्योंकि सरकार क्षेत्र में सिंचाई और बिजली की पर्याप्त व्यवस्था करने की दिशा में काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने पन्ना में अगले वर्ष से मेडिकल कॉलेज शुरू किए जाने की घोषणा की। इसके अलावा बृजपुर में नया शासकीय महाविद्यालय खोलने और श्री जुगल किशोर मंदिर परिसर के विकास के लिए विशेष बजट देने की बात कही। उन्होंने विकास परियोजनाओं के लिए जमीन अधिग्रहण की स्थिति में बाजार दर से चार गुना तक मुआवजा दिए जाने की भी बात कही।कार्यक्रम में खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह सहित भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here