ओंकारेश्वर में बनेगा 2,278 करोड़ 99 लाख रुपए की लागत वाला ‘अद्वैत लोक’, कैबिनेट ने दी मंजूरी

खंडवा। एकात्म धाम परियोजना को मिलेगी नई पहचान, शंकर संग्रहालय में दिखेगा आदि शंकराचार्य का जीवन और अद्वैत वेदांत दर्शन; हाईस्क्रीन थिएटर, माया गैलरी, लेजर शो और नर्मदा विहार समेत कई आकर्षण होंगे शामिल

मध्यप्रदेश के धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन स्थल ओंकारेश्वर में एकात्म धाम परियोजना के तहत अब ‘अद्वैत लोक’ विकसित किया जाएगा। इसके निर्माण के लिए प्रदेश सरकार ने 2,278 करोड़ 99 लाख रुपए की स्वीकृति दी है। सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में भोपाल स्थित मंत्रालय में हुई मंत्रि परिषद की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इस परियोजना के जरिए ओंकारेश्वर को धार्मिक पर्यटन के साथ भारतीय दर्शन, संस्कृति और आध्यात्मिक ज्ञान के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है।बैठक के बाद सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप ने मंत्रि परिषद के निर्णयों की जानकारी देते हुए बताया कि ‘वेदान्त पीठ की स्थापना’ परियोजना के अंतर्गत ओंकारेश्वर में विकसित हो रहे एकात्म धाम में अद्वैत लोक का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए 16वें वित्त आयोग की अवधि यानी वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक के लिए 2,278 करोड़ 99 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है।एक ही परिसर में जान सकेंगे आदि शंकराचार्य का जीवन और दर्शनअद्वैत लोक को शंकर संग्रहालय के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां आदि शंकराचार्य के जीवन, उनके आध्यात्मिक योगदान और अद्वैत वेदांत दर्शन को आधुनिक तकनीक और पारंपरिक माध्यमों से प्रस्तुत किया जाएगा। इसका उद्देश्य ओंकारेश्वर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भारतीय दर्शन की समृद्ध परंपरा से परिचित कराना है।परियोजना में हाईस्क्रीन थिएटर और माया गैलरी के जरिए दर्शन से जुड़े विषयों को रोचक तरीके से प्रदर्शित किया जाएगा। वहीं लेजर लाइट, वाटर एंड साउंड शो के माध्यम से दर्शकों को विशेष दृश्यात्मक अनुभव मिलेगा। इसके अलावा अद्वैत नर्मदा विहार, निदिध्यासन केंद्र, कला वीथिका और शंकर स्तंभ भी इस परिसर का हिस्सा होंगे।कलाग्राम और पंचायतन मंदिर भी बनेंगे आकर्षणअद्वैत लोक में अन्नपूर्णा, कलाग्राम और पंचायतन मंदिर का भी निर्माण प्रस्तावित है। इन सभी संरचनाओं को एकात्म धाम की व्यापक अवधारणा के अनुरूप विकसित किया जाएगा। कलाग्राम के माध्यम से भारतीय कला और सांस्कृतिक परंपराओं को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा, जबकि पंचायतन मंदिर धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व को दर्शाएगा।परियोजना पूरी होने के बाद श्रद्धालुओं को केवल धार्मिक दर्शन ही नहीं, बल्कि आदि शंकराचार्य के विचारों, उनके जीवन और अद्वैत वेदांत की अवधारणा को समझने का अवसर भी मिलेगा। सरकार की इस योजना से ओंकारेश्वर की धार्मिक पहचान के साथ आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को भी विस्तार मिलने की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here