मध्यप्रदेश के सीधी जिले के अमिलिया थाना क्षेत्र में अंबेडकर जयंती के मौके पर निकाली जा रही रैली के दौरान दो पक्षों के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। जानकारी के मुताबिक, रैली के दौरान सड़क पर खड़ी एक बोलेरो को हटाने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो जल्द ही मारपीट में तब्दील हो गया।घटना में दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
विवाद बढ़ने पर उपद्रवियों ने रैली में शामिल वाहनों में तोड़फोड़ की, आसपास के घरों पर पथराव किया और यहां तक कि अमिलिया थाना परिसर में भी घुसकर नुकसान पहुंचाया। स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब पुलिस पर भी पथराव किया गया।घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया, जिसके बाद हालात को काबू में किया गया।
इस हिंसक झड़प में कुल 14 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 8 को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि 6 घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एडिशनल एसपी अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की ।