Chhattisgarh News In Hindi : 3310 Tatkal tickets of Howrah-Delhi route booked in two minutes, hacking software with brokers | हावड़ा-दिल्ली रूट की 3310 तत्काल टिकटें दो मिनट में बुक, दलालों के पास हैकिंग साफ्टवेयर

  • होली के एक हफ्ते पहले और बाद तक सभी प्रमुख रुटों में बर्थ फुल
  • हजारों टिकट, लेकिन मिनटों में काउंटर हो जाता है बंद

Dainik Bhaskar

Feb 20, 2020, 08:15 AM IST

रायपुर. होली के करीब आते ही प्रमुख यात्री ट्रेनों में वेटिंग शुरू होने के साथ ही तत्काल कोटे की बर्थ के लिए मारामारी शुरू हो गई है। हावड़ा और दिल्ली रुट पर सबसे ज्यादा दिक्कत है। रायपुर से हावड़ा और दिल्ली के बीच करीब 13 प्रमुख ट्रेनों में तत्काल कोटे की तीन हजार तीन सौ दस सीटें केवल डेढ़ से दो मिनट में बुक हो रही हैं। दलालों का नेटवर्क इतना तगड़ा फैला है कि इनमें से 80 फीसदी सीटें दलालों के एजेंट ही बुक कर लेते हैं। आम यात्रियों को मशक्कत के बावजूद 20 फीसदी सीटें ही मिल पा रही हैं। जिन्हें सीटें नहीं मिल पाती वे मजबूरी में दोगुनी कीमत तक देकर दलालों से खरीदते हैं। रेलवे ने दलालों के हैकिंग साफ्टवेयर को ध्वस्त कर दिया है।  एक हफ्ते के भीतर रेलवे का सिस्टम पूरी तरह से दलालों के हैकिंग सिस्टम से मुक्त हो जाएगा। उसके बाद दलालों का नेटवर्क थोक में तत्काल कोटे की सीटें बुक नहीं कर सकेगा। आम यात्री अपने मोबाइल, कंप्यूटर और रेलवे के तत्काल आरक्षण काउंटर से बुक करवा सकेंगे। रेलवे का एक बड़ा तबका अभी ये मान रहा है कि तत्काल कोटे की ज्यादातर सीटें दलालों की जेब में जा रही हैं। होली के पहले इस नेटवर्क को खतम कर दिया जाएगा।

मिनटों में काउंटर हो जाता है बंद
रेलवे ने लगभग सभी प्रमुख लंबी दूरी की ट्रेनों में तत्काल कोटे की सीटें आरक्षित रखी हैं। तत्काल कोटे की सीटें यात्रा के 24 घंटे पहले बुक होती हैं। सुबह 10 बजे से तत्काल कोटे की सीटों की बुकिंग शुरू होती है, लेकिन बमुश्किल दो मिनट में सारी टिकटें बुक हो जाती हैं। कई बार तो एक मिनट भी नहीं लगता। रायपुर से दिल्ली और हावड़ा रूट में जाने वाली प्रमुख 13 ट्रेनों में तत्काल टिकट की डिमांड अधिक है। हावड़ा जाने वाली ट्रेनों में ज्ञानेश्वरी, आजादहिंद, हावड़ा मेल, गीतांजली, एलटीटी-शालीमार और अहमदाबाद-हावड़ा एक्सप्रेस के स्लीपर, थर्ड एसी और सेकेंड एसी की सीटें दलालों की मदद से ही बुक हो पा रही हैं। दिल्ली की ओर जाने वाली ट्रेनों में संपर्क क्रांति, गोंडवाना, समता, दुर्ग-जम्मुतवी, हमसफर और राजधानी एक्सप्रेस में भी दो मिनट से कम समय में सीटों का कोटा फुल हो जाता है।

200 फर्जी आईडी ब्लॉक का दावा
इंडियन रेलवे कैटरिंग एण्ड टूरिज्म कार्पाेरेशन आईआरसीटीसी दलालों की फर्जी आईडी की पहचान कर ब्लॉक कर रहा है। रायपुर और आसपास के शहरों में पकड़े गए टिकट दलालों के करीब 200 फर्जी आईडी को ब्लॉक करने का दावा किया जा रहा है। रेलवे सुरक्षा बलों द्वारा आईआरसीटीसी को फर्जी आईडी की जानकारी दी जाती है और फिर से ब्लॉक किया जाता है। इतना ही नहीं 15 से अधिक लाइसेंसी एजेंटों को भी आईआरसीटीसी ने ब्लैक लिस्टेड कर दिया है।
 


Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here