मामचोन। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शनिवार को ग्राम पंचायत मामचोन में जनसंवाद एवं समस्या समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिले के प्रभारी मंत्री एवं राजस्व मंत्री कर्ण सिंह वर्मा, सांसद शिवमंगल सिंह तोमर, सबलगढ़ विधायक सरला रावत, जिला उपाध्यक्ष बनवारी लाल धाकड़, भाजपा जिलाध्यक्ष कमलेश कुशवाह, कलेक्टर लोकेश जांगिड़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।शिविर के दौरान प्रभारी मंत्री ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने गांव की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी कई समस्याएं अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के सामने रखीं।
सबलगढ़ की ओर नहर पर सड़क निर्माण, ग्राम में उप स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना, जल निकासी की समुचित व्यवस्था और शासकीय भूमि एवं संपत्तियों से अतिक्रमण हटाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।इसी दौरान एक शिकायतकर्ता ने वर्तमान सरपंच और पूर्व सरपंच पर जमीन पर कथित अतिक्रमण कर कब्जा करने के आरोप लगाते हुए आवेदन दिया। वहीं पंचायत से जुड़े मामलों को लेकर कुछ शिकायतकर्ताओं ने सरपंच-सचिव पर भी आरोप लगाए और संबंधित मामलों की जांच की मांग की।ग्रामीणों का कहना था कि गांव की कई समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं, लेकिन अब तक उनका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से स्पष्ट कार्रवाई के साथ समस्याओं के समयबद्ध निराकरण की मांग की।हालांकि, सड़क निर्माण, जल निकासी और शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने जैसे प्रमुख मुद्दों पर मौके पर स्पष्ट कार्ययोजना अथवा कार्रवाई की समय-सीमा सामने नहीं आने से कुछ ग्रामीणों में असंतोष भी दिखाई दिया।अब ग्रामीणों की नजर इस बात पर है कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शिविर में दर्ज शिकायतों और उठाई गई मांगों पर प्रशासन तथा संबंधित विभाग कब तक ठोस कार्रवाई करते हैं।


