Chhattisgarh News In Hindi : 50 lakhs were hidden in 5th floor flat, 4 robbers robbed by showing pistols | 5वीं मंजिल के फ्लैट में 50 लाख छिपाए थे, 4 लुटेरे पिस्टल दिखाकर लूट ले गए

  • टिंबर मार्केट के घनी आबादी वाले क्षितिज कांप्लेक्स में सनसनीखेज वारदात 
  • फ्लैट प्लायवुड कारोबारी ने लिया है किराये पर, दो एजेंट थे मौजूद
  • लुटेरों ने दोनों के हाथ पांव बांधे; उसके बाद पैसे लेकर भागे

Dainik Bhaskar

Feb 15, 2020, 08:31 AM IST

रायपुर. देवेंद्रनगर टिंबर मार्केट में क्षितिज कांप्लेक्स में शुक्रवार की रात साढ़े नौ बजे प्लायवुड कारोबारी के फ्लैट में 50 लाख की लूट हो गई। चार लुटेरे फ्लैट में घुसे और वहां मौजूद कारोबारी के कलेक्शन एजेंटों को पिस्टल दिखाकर काबू में किया। टेप से उनके हाथ पांव-बांधने के बाद लुटेरे किचन के लॉकर में छिपाकर रखे पचास लाख लूटकर भाग गए। करीब पौन घंटे बाद दोनों एजेंटों ने किसी तरह अपने मालिक को फोन पर खबर दी। उसके बाद कारोबारी के परिचित आए और उन्होंने दोनों के हाथ पांव खोले।

पुलिस को उसके बाद सूचना दी गई। आधी रात पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस को प्रारंभिक जांच में कुछ कांप्लेक्स के आस-पास कुछ संदिग्धों के फुटेज मिले हैं। पुलिस उस फुटेज के रुट के हिसाब से रास्ते के बाकी कैमरों की जांच कर रही है। चारों लुटेरों में किसी ने भी अपना चेहरा छिपाने की कोशिश नहीं की। लुटेरे मेन गेट से घुसे। सीधे पांचवीं मंजिल पर स्थित फ्लैट नंबर-505 में घुस गए। ये फ्लैट राजस्थान के प्लायवुड कारोबारी बबलू शर्मा ने किराये पर लिया है। लुटेरों ने फ्लैट की बेल बजायी।  
 
फ्लैट में मौजूद बबलू शर्मा के रिकवरी एजेंट बजरंग शर्मा ने दरवाजा खोला। लुटेरे धड़धड़ाते हुए घुस गए। भीतर पहुंचते ही उन्होंने बजरंग को पिस्टल दिखाकर चिल्लाने पर गोली मारने की धमकी दी। दूसरे कमरे में उसका साथी विजय शर्मा था। वह हॉल में हलचल सुनकर बाहर आया। उसी समय दो लुटेरों ने उसे दबोच लिया और चीखने चिल्लाने पर मार डालने की धमकी दी। उसके बाद लुटेरों ने टेप से दोनों के हाथ पांव बांध दिए। उनके मुंह पर भी टेप चिपका दिया। उसके बाद पचास लाख लूटकर भाग निकले।

कारोबारी बोला- लुटेरों को पहले से पता था पैसे किचन के लॉकर में हैं

लूटकांड की प्रारंभिक जांच में पुलिस को वारदात में करीबियों के हाथ होने का शक है। बजरंग और विजय शर्मा का कहना है लुटेरों को जैसे मालूम था कि पैसे किचन के लॉकर में छिपाकर रखे हैं। वे सीधे किचन में घुसे और बजरंग और विजय को धमकाते हुए कहने लगे- बताओ कहां छिपाकर रखे हो। उसके बाद उन्हें किचन के कैबिनेट का लॉकर खोलने पर पैसे नजर आ गए। 

सुरक्षा गार्ड ने रोका पर नहीं की रजिस्टर में एंट्री

कांप्लेक्स के गेट पर शुक्रवार की रात सुरक्षा गार्ड रामरतन की ड्यूटी थी। उसने भास्कर को बताया। वे अपने रजिस्टर में कुछ देख रहे थे, उसी समय चार युवक पैदल कांप्लेक्स के छोटे गेट से घुसे। उन्होंने गेट पर रोका और पूछा कहां जाना है? चारों में किसी ने जवाब नहीं दिया। वे सीधे लिफ्ट की ओर बढ़ने लगे। मैंने उनसे कहा- सर रजिस्टर में एंट्री तो करते जाइए। ये सुनकर एक आदमी पलटा। उसने कहा ये लिफ्ट से आकर एंट्री करते हैं। फिर वे आगे बढ़ गए। कुछ पल रुकने के बाद मैं पीछे गया, लेकिन तब तक वे ऊपर जा चुके थे। मैंने सोचा लौटकर आएंगे तो एंट्री करवा लूंगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। चारों वापस ही नहीं आए। रात को अचानक पुलिस घुसी तब पता चला वो लोग तो लूटने आए थे। फ्लैट की बेल बजाकर उन्होंने दरवाजा खुलवाया।


Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here