Chhattisgarh News In Hindi : Oxygen will now be made in the desolate parks of the capital, spending 2.39 crore to start from old pond | राजधानी के उजड़ रहे पार्कों में अब बनाएंगे ऑक्सीजोन, 2.39 करोड़ खर्च कर बूढ़ा तालाब से होगी शुरुआत

  • बूढ़ा तालाब के आसपास के इलाके में सात से दस फीट ऊंचाई वाले पौधे लगाकर नया ऑक्सीजोन बनाया जाएगा
  • इसी तर्ज पर शहर के बाकी तालाबों के किनारों भी पौधों को लगाकर हरा-भरा बनाया जाएगा

Dainik Bhaskar

Feb 17, 2020, 01:41 AM IST

रायपुर . राजधानी में अब उजड़ रहे पार्कों में नए ऑक्सीजोन बनाने की योजना पर काम होगा। इसकी शुरूआत बूढ़ा तालाब से होगी। बूढ़ा तालाब के आसपास के इलाके में सात से दस फीट ऊंचाई वाले पौधे लगाकर नया ऑक्सीजोन बनाया जाएगा। इसी तर्ज पर शहर के बाकी तालाबों के किनारों भी पौधों को लगाकर हरा-भरा बनाया जाएगा। स्मार्ट सिटी ने पिछले साल 100 डेज वन इंपैक्ट के तहत राजधानी में 20 हजार से ज्यादा पौधे लगाने की योजना पर काम शुरू किया था। इसी योजना के अगले चरण में पुराने शहर के तालाबों को लिया जाएगा। 

इसी तरह की एक और अन्य योजना पर निगम का पर्यावरण और उद्यानिकी विभाग भी काम कर रहा है। जिसमें 173 से ज्यादा निगम के पार्कों में ऐसे पार्क जो उजड़ गए हैं, उनमें भी नए ऑक्सीजोन बनाए जाएंगे। पर्यावरण और उद्यानिकी विभाग ने शहरी निकाय चुनाव से पहले बर्बाद हो रहे पार्कों के सर्वेक्षण का काम भी शुरू किया था जो मार्च तक पूरा हो जाएगा। सर्वे में फिलहाल एक दर्जनभर बर्बाद हो चुके पार्कों में ऑक्सीजोन बनाने के लिए प्रपोजल बनाया जा रहा है। 

फाउंटेन वॉल और पार्क खस्ताहाल 
स्मार्ट सिटी ने बीते अक्टूबर-नवंबर में बूढ़ा तालाब को रिनोवेट करने के लिए 2 करोड़ 39 लाख रुपए के प्रोजेक्ट का टेंडर निकाला था। पहले इसमें सौंदर्यीकरण और इससे जुड़े काम शामिल थे, लेकिन अब रणनीतिक तौर पर बदलाव करते हुए इसमें ऑक्सीजोन को भी जोड़ा जा रहा है। विवेकानंद सरोवर में लंबे अर्से से फाउंटेन वॉल और पार्क खस्ताहाल थे, अब नए प्लान के तहत इनको भी संवारा जाएगा। 

लेक व्यू प्वाइंट बनेंगे
बूढ़ातालाब में चुनिंदा जगहों पर लेक व्यू प्वाइंट भी बनाया जाएगा। ऊंचाई पर पाथ-वे भी बनाए जाएंगे, ताकि करीब से भी लोग तालाब का दीदार कर सकें। लेक व्यू प्वाइंट के जरिए लोग सूर्योदय और सूर्यास्त का सुंदर नजारा देख सकेंगे। बूढ़ातालाब के किनारों पर स्मार्ट रोड जैसी सुविधाएं भी अगले चरण में लांच होंगी। हाल ही में मेयर एजाज ढेबर ने भी बूढ़ातालाब में ऑक्सीजोन विकसित करने के लिए स्मार्ट सिटी को निर्देश दिया था। 

पुराने दफ्तर में भी बनेगा ऑक्सीजोन
निगम की एक सदी से पुरानी मालवीय रोड स्थित बिल्डिंग के आसपास के इलाके में भी ऑक्सीजोन बनाने का प्रस्ताव है। इसके अलावा नरैय्या तालाब के दायरे में भी ऑक्सीजोन बनाया जाएगा। निगम के पर्यावरण और उद्यानिकी विभाग ने सभी जोन कार्यालयों से उजड़ चुके पार्कों की सूची मंगवाई है। ऐसे पार्क जहां सिविल वर्क की जरूरत होगी, वहां निर्माण से जुड़े काम भी किए जाएंगे।

नए प्रोजेक्ट से सुधरेगी आबोहवा

शहर में नए ऑक्सीजोन बनाने की व्यापक योजना की रूपरेखा बनाई जा रही है। स्मार्ट सिटी मिशन के तहत शहर की आबोहवा को बेहतर और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए इस साल नए प्रोजेक्ट लांच किए जाएंगे। 
एसके सुंदरानी, जीएम, स्मार्ट सिटी


Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here