बीजिंग: चीन दक्षिण पश्चिमी सिचुआन प्रांत के यान और तिब्बत के लिंझी (Tibet Linjhi) के बीच रणनीतिक महत्व के सिचुआन-तिब्बत रेल मार्ग (Sichuan-Tibet Railways) का निर्माण शुरू करने वाला है. आधिकारिक मीडिया ने यह जानकारी दी. लिंझी को नयींगशी के नाम से भी जाना जाता है और अरुणाचल प्रदेश (Arunachal Pradesh) सीमा के नजदीक स्थित है. लिंझी में एक हवाईअड्डा भी है, जो हिमालयी क्षेत्र में चीन द्वारा बनाये गये पांच हवाईअड्डों में शामिल है.
तिब्बत के पठार पर दूसरी रेल योजना
चाइना रेलवे ने दो सुरंग और एक पुल के निर्माण कार्य तथा शिचुआन-तिब्बत रेलवे के यान-लिंझी खंड के लिये बिजली आपूर्ति के लिए शनिवार को निविदा के परिणाम घोषित किए. इससे संकेत मिलता है कि परियोजना का निर्माण कार्य शुरू होने वाला है. सरकारी चाइना न्यूज की खबर के मुताबिक चिंघाई-तिब्बत रेलवे (Chinghai-Tibet Railways) के बाद, सिचुआन-तिब्बत रेलवे तिब्बत में ऐसी दूसरी परियोजना है. यह चिंघाई-तिब्बत पठार के दक्षिण पूर्व से गुजरेगा, जो विश्व के भूगर्भीय रूप से सर्वाधिक सक्रिय इलाकों में शामिल है.
चेंगदु से ल्हासा रेल मार्ग
सिचुआन-तिब्बत रेलवे सिचुआन प्रांत की राजधानी चेंगदु (Chengdu) से शुरू होता है. यह यान से गुजरता हुआ और तिब्बत में प्रवेश करता है तथा चेंगदु से ल्हासा के बीच की यात्रा में लगने वाले 48 घंटे के समय को घटा कर 13 घंटे करता है.