भोपाल। मध्यप्रदेश की एयर कनेक्टिविटी को बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 9 अगस्त को भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट से चार नई फ्लाइट्स को फ्लैग ऑफ किया। इन सेवाओं से भोपाल-रीवा, भोपाल-पटना, रीवा-कोलकाता और जबलपुर-कोलकाता के बीच सीधी हवाई कनेक्टिविटी शुरू हो गई है।कार्यक्रम में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू और उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने यात्रियों को बोर्डिंग पास भी प्रदान किए।सीएम मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में एविएशन सेक्टर तेजी से आगे बढ़ रहा है। मध्यप्रदेश में भी नए एयरपोर्ट और नए हवाई मार्ग विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इंदौर से अबू धाबी की इंटरनेशनल फ्लाइट शुरू हो चुकी है, जबकि आने वाले समय में भोपाल से शारजाह की सीधी उड़ान शुरू होगी।केंद्रीय मंत्री राममोहन नायडू ने कहा कि पिछले वर्षों में देश के एविएशन सेक्टर में ऐतिहासिक विस्तार हुआ है। उड़ान योजना के तहत नए एयरपोर्ट और हवाई मार्गों का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने मध्यप्रदेश की नई एविएशन पॉलिसी की सराहना करते हुए इसे देश की बेहतर नीतियों में शामिल बताया।उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि नई हवाई सेवाएं विंध्य क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण हैं। एयर कनेक्टिविटी बढ़ने से व्यापार, पर्यटन, शिक्षा और रोजगार को गति मिलेगी।नई फ्लाइट्स के संचालन से भोपाल और रीवा का आपसी संपर्क मजबूत होगा, जबकि भोपाल-पटना सेवा से मध्यप्रदेश सीधे बिहार की राजधानी से जुड़ जाएगा। वहीं रीवा और जबलपुर से कोलकाता की सीधी उड़ान से पूर्वी भारत तक पहुंच आसान होगी।इन सेवाओं का संचालन अलायन्स एयर द्वारा किया जाएगा। राज्य सरकार मध्यप्रदेश नागरिक विमानन नीति-2025 के तहत इन उड़ानों को वित्तीय सहायता उपलब्ध करा रही है। नई हवाई सेवाओं से यात्रियों के समय की बचत के साथ प्रदेश में पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।


