छतरपुर ट्रेंचिंग ग्राउंड का कलेक्टर मृणाल मीणा ने किया औचक निरीक्षण, दिसंबर तक पुराने कचरे की प्रोसेसिंग पूरी करने के निर्देश

छतरपुर। शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर मृणाल मीणा ने छतरपुर नगरपालिका के कचरा प्रसंस्करण केंद्र (ट्रेंचिंग ग्राउंड) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कचरा प्रोसेसिंग और पुराने कचरे (लेगेसी वेस्ट) के निस्तारण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि लेगेसी वेस्ट प्रोसेसिंग का लगभग 60 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। त्योहारों के चलते नियमित कचरे की प्रोसेसिंग में कुछ देरी हुई है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि दिसंबर माह के अंत तक पुराने कचरे की प्रोसेसिंग का पूरा काम अनिवार्य रूप से पूरा किया जाए।कार्य में तेजी लाने के लिए एक अतिरिक्त ट्रॉममेल मशीन लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही तैयार हो रही जैविक खाद (कंपोस्ट) की उचित पैकेजिंग कर नगरपालिका के गार्डन और नर्सरी में उपयोग सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं सूखे कचरे को सीमेंट प्लांट और वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट तक नियमित रूप से पहुंचाने के लिए परिवहन व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत कचरा प्रसंस्करण केंद्रों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि पुराने कचरे का समय-सीमा में निस्तारण हो और शहर की स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाई जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here