बिजली समस्या को लेकर कांग्रेस का पावर हाउस पर प्रदर्शन, पुलिस से झड़प और धक्का-मुक्की

दतिया, मध्य प्रदेश: जिले में भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती और अघोषित विद्युत समस्या को लेकर कांग्रेस पार्टी ने आज दतिया के पावर हाउस पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विद्युत विभाग व शासन के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। इस दौरान पावर हाउस के बाहर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प और धक्का-मुक्की भी देखने को मिली।जानकारी के अनुसार, कांग्रेस विधायक के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता सुबह पावर हाउस पहुंचे।

उन्होंने हाथों में तख्तियां लेकर बिजली समस्या को लेकर नारे लगाए और सरकार व विद्युत विभाग पर कुप्रबंधन का आरोप लगाया। प्रदर्शन के दौरान, कांग्रेस नेता पावर हाउस के अंदर प्रवेश करने की कोशिश करने लगे, जिस पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर पहुंचना पड़ा।

पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच पावर हाउस में घुसने को लेकर तीखी जद्दोजहद हुई, जिसके परिणामस्वरूप दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की और हल्की झड़प भी हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए महिला पुलिस कर्मियों ने भी मोर्चा संभाला और महिला कार्यकर्ताओं को बलपूर्वक रोका।काफी देर चले हंगामे के बाद, एसडीएम संतोष तिवारी और विद्युत विभाग के एस.ई. धर्मेंद्र कौशिक मौके पर पहुंचे। कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामकिंकर गुर्जर और स्थानीय टी.आई. के बीच भी इस दौरान तीखी बहस हुई। करीब एक घंटे तक बिजली समस्या को लेकर कांग्रेस नेताओं और एसडीएम तथा एस.ई. विद्युत विभाग के बीच विस्तृत चर्चा हुई।

अंततः, कांग्रेस नेताओं ने एसडीएम संतोष तिवारी और एस.ई. धर्मेंद्र कौशिक को बिजली समस्या के समाधान की मांग को लेकर एक ज्ञापन सौंपा।पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर सख्ती दिखाई, जिससे वे नारेबाजी तक ही सीमित रह गए और स्थिति को नियंत्रित करने में सफल रही। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि बिजली समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे और भी उग्र आंदोलन करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here