छतरपुर। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपने भाई शालिग्राम गर्ग पर लगे आरोपों के मामले में पहली बार प्रतिक्रिया दी है। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि उनका पिछले तीन वर्षों से शालिग्राम गर्ग से कोई संबंध नहीं है और मामले में कानून को निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए।धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि उनका और उनके परिवार का आपस में कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा, “हमारा उनसे कोई वास्ता नहीं है। हमारा परिवार अब पूरा विश्व और समाज है।”उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसी ने कोई गलत काम किया है तो कानून उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करे। उनके मुताबिक, “जो भी दोषी है, उसे कानून और भगवान दोनों दंड दें। कानून अपना काम करे और उचित कार्रवाई हो।”धीरेंद्र शास्त्री ने यह भी कहा कि उनके परिवार या क्षेत्र से जुड़े हर विवाद में उनका नाम जोड़ना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि छतरपुर एक बड़ा जिला है और आए दिन कई घटनाएं होती रहती हैं, इसलिए हर मामले में उनका नाम नहीं जोड़ा जाना चाहिए।गौरतलब है कि राजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कौड़ा में हुए विवाद और गोलीकांड में शालिग्राम गर्ग का नाम सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है।


