पन्ना पुलिस का बड़ा खुलासा: 5 जिलों में चोरी करने वाले ‘लाले-ललवा’ गिरफ्तार, तीन सराफा व्यापारी भी दबोचे

पन्ना पुलिस ने अंतरजिला चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए रीवा के दो शातिर चोरों आशीष उर्फ लाले कुशवाहा और सुनील उर्फ ललवा को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों पर पन्ना समेत रीवा, सतना, सीधी और कटनी जिलों में दिनदहाड़े सूने मकानों में चोरी और चेन स्नैचिंग की कई वारदातों को अंजाम देने का आरोप है।पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देशन में कोतवाली थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने, तकनीकी साक्ष्य जुटाने और रूट मैपिंग के आधार पर आरोपियों को रीवा के सेमरिया क्षेत्र से गिरफ्तार किया।कोतवाली थाना प्रभारी रोहित मिश्रा ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने पन्ना शहर के रमपुरा, पुरुषोत्तमपुर, डायमंड चौराहा और महाराजा कॉलोनी सहित पांच बड़ी चोरी की वारदातें कबूल की हैं।पुलिस ने चोरी का सामान कम कीमत पर खरीदने के आरोप में तीन सराफा व्यापारियों—प्रमोद सोनी, कपिल सोनी और अरविंद सोनी—को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब दो लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, 12,500 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल (एमपी-19-एमआर-5332) बरामद की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here