गुना जिले में लगातार हो रही तेज बारिश ने हालात बेकाबू कर दिए हैं। शहर के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। कैंट, गुलाबगंज, राशिद कॉलोनी, भगत सिंह कॉलोनी, गोविंद गार्डन, भूल्लनपुरा क्षेत्र सहित लगभग हर वार्ड पानी से डूब चुका है।
गुना शहर के निचले क्षेत्रों में 5 से 10 फीट तक पानी भर चुका है, जिससे हालात बेहद भयावह बन गए हैं। कई मकानों में पानी घुस गया है, और लोग घरों की छतों और ऊंची जगहों पर शरण लेने को मजबूर हैं।
प्रशासन और राहत दल सक्रिय, लेकिन नाकाफी
प्रशासन की ओर से एनडीआरएफ और बचाव दल मौके पर भेजे गए हैं, और राहत व बचाव का कार्य जारी है। हालांकि, हालात इतने गंभीर हैं कि ये राहत कार्य ऊंट के मुंह में जीरे के समान प्रतीत हो रहा है।शहर के कई हिस्सों में पुलिस और प्रशासन की टीमों ने लोगों को नाव और ट्रैक्टर की मदद से सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया है। बाढ़ जैसी स्थिति के कारण बिजली आपूर्ति भी बाधित हो रही है, जिससे रात के समय संकट और बढ़ गया है।


