नई दिल्ली: मुश्किल वक्त में आगे बढ़कर मदद करने वाले ही असली नायक होते हैं. ब्रिटिश सेना के पूर्व कैप्टन टॉम मूर (Tom Moore) में ब्रिटेन को ऐसा ही एक राष्ट्र नायक दिखाई दे रहा है. आज उनका 100वां जन्मदिन है और उनके जोश और मानसिक शक्ति के सामने खतरनाक कोरोना वायरस भी कमजोर हो गया है.
टॉम मूर ने चैरिटी वॉक करके ब्रिटेन के नेशनल हेल्थ सर्विस यानी NHS के लिए लगभग 290 करोड़ का फंड इकट्ठा किया है. इस समय ब्रिटेन के डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मी फेस मास्क, ग्लव्स और पीपीई किट की कमी का सामना कर रहे हैं. इसी कमी को दूर करने के लिए लोग सामने आ रहे हैं.
टॉम मूर ने वादा किया था कि अगर वो 94 हजार रुपए का फंड इकट्ठा कर पाए तो अपने गार्डन में वो सौ कदम चलेंगे. उनके इस जज्बे के बाद लोगों ने खुलकर दान दिया. लेकिन 100 वर्ष की उम्र में टॉम मूर के लिए ये सौ कदम चलना भी एक मुश्किल चुनौती थी.
हाल ही में उनकी हिप रिप्लेसमेंट सर्जरी हुई है और स्किन कैंसर का इलाज भी हुआ है. खड़े होने के लिए वह वॉकिंग फ्रेम की मदद लेते हैं, लेकिन सौ कदम चलकर उन्होंने साबित किया है कि किसी लक्ष्य को पाने के लिए शारीरिक मुश्किलें कभी बाधा नहीं बन सकती हैं.
कैप्टन टॉम मूर को आज उनके 100वें जन्मदिन पर कर्नल की मानद उपाधि दी गई. और अब वो कर्नल टॉम मूर बन गए हैं. अपने 100वें जन्मदिन पर टॉम मूर को 1 लाख 25 हज़ार से ज्यादा ग्रीटिंग कार्ड मिल चुके हैं. ब्रिटेन की महारानी और प्रधानमंत्री ने भी उन्हें जन्मदिन की बधाई दी है.
टॉम मूर को सम्मान देने के लिए ब्रिटेन की रॉयल एयर फोर्स के विंटेज विमानों ने आज उनके घर के ऊपर उड़ान भरी और हवाई करतब भी दिखाए.
अपने 100वें जन्मदिन पर टॉम मूर ज़िंदगी की तीसरी सबसे बड़ी चुनौती का सामना कर रहे हैं. वर्ष 1920 में जब उनका जन्म हुआ था, तब दुनिया सबसे बड़ी महामारी स्पैनिश फ्लू का सामना कर रही थी. इसके बाद वर्ष 1939 से 1945 तक चले द्वितीय विश्व युद्ध में भी टॉम मूर ने हिस्सा लिया और अब वो कोरोना वायरस की जानलेवा महामारी के खिलाफ कोरोना फाइटर्स की मदद कर रहे हैं. ब्रिटेन में कोरोना वायरस से अबतक 26 हज़ार लोग मारे जा चुके हैं और टॉम मूर अब वहां की साढ़े 6 करोड़ जनता की नई उम्मीद बन गए हैं.
अब उनके नाम दो गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड टाइटल हैं. उन्होंने चैरिटी वॉक करके सबसे ज्यादा फंड इकट्ठा करने का एक वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है. टॉम मूर ने एक ब्रिटिश गायक और कलाकार मिशेल बॉल के साथ मिलकर एक गाना रिकॉर्ड किया है और ये गाना इस वक्त ब्रिटेन का नंबर वन सॉन्ग बन गया है. 100 वर्ष की आयु में ये उपलब्धि हासिल करके दूसरा गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है.
अमेरिका ने भी अपने कोरोना फाइटर्स के जज्बे को सलाम किया
अमेरिका ने भी अपने कोरोना फाइटर्स के जज्बे को सलाम किया है. अमेरिका की हवाई स्टंट करने वाली स्क्वैड्रन The Thunder-birds और The Blue Angels ने कोरोना फाइटर्स को सम्मान देने के लिए हवाई उड़ान भरी. न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी और फिलाडेलफिया में इन स्क्वैड्रन के 12 फाइटर जेट्स ने 40 मिनट तक उड़ान भरकर, हेल्थ वर्कर्स और जरूरी सेवाओं में लगे कर्मचारियों का शुक्रिया अदा किया.
The Thunder-birds अमेरिकी वायुसेना की और The Blue Angels US Navy की हवाई स्टंंट दिखाने वाली टीम है. विशेष अनुमति के बिना ये दोनों स्क्वैड्रन कभी एक साथ हवाई स्टंट नहीं करती हैं. पर 28 अप्रैल को इन दोनों टीमों ने मिलकर अमेरिका के हेल्थ वर्कर्स को सलाम किया. और उनके मनोबल को आसमान की ऊंचाइयों तक ले जाने की कोशिश की.
अमेरिका में न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी इस महामारी का केंद्र हैं. इन दो जगहों पर कोरोना वायरस से 23 हज़ार से अधिक लोग मारे जा चुके हैं.