नई दिल्ली: उत्तर कोरिया के शासक किम जोंग उन कहां हैं? क्या वो बहुत बीमार हैं? या उन्होंने कोरोना वायरस के डर से खुद को कहीं छिपा लिया है? किम जोंग उन से जुड़ी एक बड़ी खबर अमेरिका से आ रही है. अमेरिका ने किम जोंग उन की निगरानी के लिए अपने 5 जासूस लगाए हैं. अमेरिका के ये 5 जासूसी विमान हाईटेक हैं और अमेरिका ने इन्हें नॉर्थ कोरिया और किम जोंग पर निगरानी के लिए भेजा गया है. किम की जासूसी से जुड़ी ये ख़बर डेली मेल और द सन अख़बार में छपी है.
साउथ कोरिया के खुफिया अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की है कि किम की निगरानी के लिए 5 जासूसी विमान उत्तर कोरिया भेजे गए हैं. यानी आप ये समझिए कि अमेरिका ने अब किम को ढूंढ निकालने की कसम खा ली है और अमेरिका के ये जेम्स बॉन्ड विमान किम का पता लगाकर रहेंगे.
अमेरिका का सुपर जासूसी विमान RC-12X गार्ड्रिल. सिग्नल इंटेलीजेंस में इसका जवाब नहीं. अमेरिका का दूसरा जासूसी विमान Air Force E-8C है. एयरबोर्न बैटल मैनेजमेंट का का बेताज बादशाह है. इराक और सीरिया में इस्तेमाल हो चुका है और अब किम पर निगरानी रखेगा. अमेरिका का अगला जासूस EO-5C तस्वीरें खींचने, सिग्नल पकड़ने और जमीन पर रडार सेंसर के जरिये हालात पर नज़र रखने में बेजोड़ है.
इनके अलावा, अमेरिका के दो और हाईटेक जासूसी विमान किम का पता लगाएंगे. साउथ कोरिया में अमेरिकी बेस से बॉर्डर पर रहते हुए उत्तर कोरिया पर निगरानी रखेंगे और किम की हर हलचल सीधे व्हाइट हाउस तक पहुंचाएंगे. इसकी पुष्टि साउथ कोरिया ने भी की है, कहा जा रहा है कि राष्ट्रपति ट्रंप ने हाल ही में प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस प्लान के संकेत भी दिये थे.
उत्तर कोरिया के शासक किम जोंग उन को लेकर सस्पेंस बढ़ता जा रहा है. पहले ये अफवाह फैली कि किम को कोरोना हो गया है, फिर अफवाह फैली कि किम को दिल की गंभीर बीमारी है. इसके बाद पिछले हफ्ते खबर आई कि चीन ने अपनी मेडिकल एक्सपर्ट की टीम उत्तर कोरिया भेजी है. इधर साउथ कोरिया की तरफ से नया दावा है कि किम कोरोना वायरस के डर से कहीं छिप गया है.
उत्तर कोरिया के एक प्रमुख विद्रोही ने दावा किया है किम जोंग उन इतने बीमार हैं कि अपने पैरों पर खड़े नहीं हो पा रहे हैं. लेकिन किम के बारे में ये सिर्फ बातें ही हैं और अपने हाईटेक जासूसी विमानों के जरिये किम की असली जानकारी अब अमेरिका ने जुटाने की ठान ली है.
उत्तर कोरिया के शासक किम जोंग उन के अचानक गायब होने से पूरी दुनिया में हड़कंप मचा है. पिछले दो हफ्तों से उनकी खराब सेहत को लेकर तरह-तरह की खबरें सामने आ रही है. इस बीच, उत्तर कोरिया पर नज़र रखने वाली न्यूज़ वेबसाइट North Korea Professional Research Platform ने एक सैटेलाइट इमेज के जरिये किम का पता लगाने का दावा किया है. इन सैटेलाइट इमेज में किम जोंग की शाही याट दिखने का दावा किया गया है. सैटेलाइट इमेज के आधार पर किम जोंग के वोन्सान में कहीं आस-पास होने का दावा किया है, वोन्सान उत्तर कोरिया के पूर्वी हिस्से में है.
न्यूज वेबसाइट का दावा है कि 60 मीटर की ये लग्ज़री याट वही जहाज है. जिसका उपयोग एनबीए बास्केट बॉल स्टार डेनिस रोडमैन की यात्रा के दौरान किया गया था. उत्तर कोरिया की राजधानी प्योंगयांग में 14 अप्रैल को मिसाइल परीक्षण के दौरान याट की असामान्य गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही थी. हालांकि किम के बारे में ये एक न्यूज़ वेबसाइट का दावा है और इसे फिलहाल अंतिम नहीं माना जा सकता.

