इंदौर के चंदन नगर थाना क्षेत्र के राज नगर में दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां हाथी के हमले में ऑटो चालक विजय राव की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि विजय राव अपने घर के पास आए हाथी को हाथों से गुड़ खिला रहे थे। इसी दौरान हाथी अचानक आक्रामक हो गया और विजय को सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया। इसके बाद हाथी ने उनके ऊपर पैर रख दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। महावत ने हाथी को काबू में किया और लोगों की मदद से घायल विजय राव को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि हाथी किसी धार्मिक कार्यक्रम के सिलसिले में इलाके में लाया गया था।
पुलिस के मुताबिक, विजय हाथी को गुड़ खिला रहे थे, तभी किसी कारण से हाथी आक्रामक हो गया और उसने हमला कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात भी सामने आई है। पुलिस यह जांच कर रही है कि हाथी को सार्वजनिक क्षेत्र में लाने के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं। लापरवाही सामने आने पर महावत समेत जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर जांच कर रही है और वन विभाग से भी पत्राचार करेगी।
बाइट: शिवेन्दु जोशी, एसीपी, इंदौर


