अशोकनगर जिले के चंदेरी थाना क्षेत्र के विक्रमपुर गांव में दर्दनाक हादसे में चार सगे भाइयों की कुएं में डूबने से मौत हो गई। चारों बच्चे 10 साल से कम उम्र के थे। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।बताया जा रहा है कि चारों बच्चे सुबह घर से निकले थे। उनके पिता मजदूरी करते हैं, जबकि मां कुछ समय से अपने मायके में रह रही हैं। बच्चे अपनी दादी के साथ रहते थे। दादी सुबह से ही चारों बच्चों की गांव में तलाश कर रही थीं।दोपहर करीब 2 बजे एक ग्रामीण सड़क से लगभग आधा किलोमीटर दूर खेतों की ओर पहुंचा। इसी दौरान उसकी नजर कुएं में दिखाई दे रहे एक बच्चे पर पड़ी। कुएं के पास जाकर देखा तो चारों बच्चों के शव पानी में तैर रहे थे।ग्रामीण ने तुरंत गांव पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद चंदेरी पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से चारों बच्चों के शव कुएं से बाहर निकाले और चंदेरी सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां शाम को पोस्टमार्टम किया गया।बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां परिवार का पुराना घर भी है। बच्चे अक्सर अपनी दादी के साथ वहां जाते थे। आशंका है कि आज भी चारों भाई खेलते-खेलते खेतों तक पहुंचे और कुएं में गिर गए।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


