गुना। ऑनलाइन ठगी करने वालों की अब खैर नहीं! मोबाइल में एपीके फाइल भेजकर बैंक खाते साफ करने वाले साइबर अपराधियों पर गुना पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा है कि आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस को झारखंड तक कार्यवाही करनी पड़ी। गुना के कैंट थाना क्षेत्र में हुई दो बड़ी ऑनलाइन ठगी की वारदातों का पुलिस ने खुलासा किया है। इस कार्यवाही में झारखंड के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। एक आरोपी के कब्जे से ठगी के पूरे 45 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। वहीं दूसरे मामले में 2 लाख 25 हजार 700 रुपये की ठगी के आरोपी को पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है। अब पुलिस इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगालने में जुटी है।साइबर अपराधियों ने लोगों को ठगने के लिए अब मोबाइल फोन को ही हथियार बना लिया है। एक संदिग्ध एपीके फाइल और पलक झपकते ही बैंक खाते से हजारों रुपये गायब! लेकिन इस बार साइबर ठगों का सामना गुना पुलिस से हुआ, जिसने तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र के जरिए आरोपियों का सुराग तलाश लिया।पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के नेतृत्व में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कैंट थाना पुलिस ने दो अलग-अलग ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है।पहला मामला 12 अक्टूबर 2026 का है। लूसन का बगीचा निवासी उमेश राठौर ने कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने एपीके फाइल के जरिए उनका मोबाइल हैक कर बैंक खाते से 45 हजार रुपये निकाल लिए।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंची और झारखंड के पलामू जिले के 28 वर्षीय प्रवन कुमार, पिता विनोद कुमार तिवारी, को गिरफ्तार कर लिया। सबसे बड़ी बात कि पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी गई पूरी 45 हजार रुपये की नकद राशि बरामद कर लीदूसरा मामला 5 अगस्त 2026 को मातापुरा निवासी विक्रम राजौरिया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके साथ 2 लाख 25 हजार 700 रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी की गई है। इस मामले में भी कैंट थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार पड़ताल के बाद पुलिस ने झारखंड के दुमका जिले के जामा थाना क्षेत्र के 47 वर्षीय जगदीश, पिता छत्तू राव, को अभिरक्षा में लिया। पुलिस ने मामले में अन्य आरोपियों की पहचान भी की है, जिनकी तलाश जारी है। फिलहाल इस पूरे नेटवर्क को लेकर पुलिस का अनुसंधान जारी है।गुना में बैठकर लोगों को निशाना बनाने वाले साइबर ठगों के तार झारखंड तक पहुंचने के बाद पुलिस अब इस नेटवर्क की अन्य कड़ियों को खंगाल रही है। दो अलग-अलग मामलों में झारखंड के दो आरोपियों तक पहुंचना कैंट थाना पुलिस की बड़ी कामयाबी है। एक तरफ 45 हजार रुपये की ठगी की पूरी रकम बरामद हुई, तो दूसरी तरफ 2 लाख 25 हजार 700 रुपये की धोखाधड़ी के मामले में आरोपी को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन वारदातों के पीछे और कितने लोग सक्रिय हैं और ठगी की रकम किन-किन खातों में पहुंचाई गई,फिलहाल पुलिस जांच कर रही है। ओर कितने लोग ठगी मामले में इनके साथ है।


