ग्वालियर में डॉक्टरों का कमाल: सिर और पैर में धंसे 8 फीट लंबे सरिए निकालकर 14 वर्षीय शिवम को दी नई जिंदगी

ग्वालियर में डॉक्टर्स ने एक 14 वर्षीय किशोर का जोखिम भरा सफल ऑपरेशन करके ना सिर्फ उसकी जान बचाई है, बल्कि उसे सिर और पैर में धंसे लोहे के सरिए को भी निकालने में सफलता प्राप्त की है। वहीं किशोर के सफल ऑपरेशन के बाद अब परिजन बेहद खुश हैं और डॉक्टर्स को इंसानी भगवान करार दे रहे हैं।उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों एक 14 वर्षीय किशोर शिवम पुत्र राकेश आदिवासी निवासी ग्राम किशनगढ़, धरकुआ जिला छतरपुर को गंभीर हालत में ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल रेफर किया गया था।

बताया गया था जब शिवम छत पर खेल रहा था, तभी एक मंजिल नीचे मंदिर में आ गिरा था। मंदिर में कई त्रिशूल या सांगरी लगे हुए थे। जिन पर गिरने के चलते एक सांगरी शिवम् के सिर और दूसरी सांगरी उसके पैर में धंस कर आरपार हो गई थी। जयारोग्य अस्पताल समूह में न्यूरोलॉजी विभाग के एचओडी डॉ अविनाश शर्मा का कहना है कि उस वक्त शिवम के परिजनों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए पहले ग्राइंडर की मदद से सांगरी को कटवाया और इसके बाद बाण जैसे नजर आने वाले सरियों से छेड़छाड़ किए बगैर उसे छतरपुर के जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया था।

इस दौरान शिवम की लगातार हालत बिगड़ने पर उसे ग्वालियर के ज्यारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया था। मामला बेहद गंभीर था। सो न्यूरोलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ अविनाश शर्मा के नेतृत्व में एक 12 सदस्यीय डॉक्टर्स की टीम ने शिवम् के जटिल ऑपरेशन का जिम्मा लिया। प्रारंभिक स्वास्थ्य परीक्षण में टीम को पता चला कि शिवम के सिर में एक पांच फिट का और पैर में एक तीन फिट का लोहे का सरिया आरपार हो गया था। डॉक्टर्स के सामने शिवम की ना केवल जान बचाने की चुनौती थी बल्कि उसकी आंख और ब्रेन को कोई नुकसान नहीं पहुंचे, यह भी सुनिश्चित करना था।

सर्वप्रथम डॉक्टर्स ने शिवम् के सिर का सिटी स्कैन, एंजियोग्राफी सहित कई टेस्ट किए। साथ ही पैर का एक्सरे भी किया। इन जांचों के माध्यम से सिर और पैर की स्थिति जानी गई। ऑपरेशन के दौरान कोई ऑर्गन प्रभावित ना हो, इसे ध्यान में रखकर ऑपरेशन किया गया। यह ऑपरेशन तकरीबन साढ़े पांच घंटे चला। जिसमें डॉक्टर्स ने शिवम् के सिर और पैर में धसा सरिया निकालने में सफलता प्राप्त की। अब शिवम् स्वस्थ्य है और उसे बीते रोज डिस्चार्ज कर दिया गया है। वहीं शिवम के सफल ऑपरेशन पर परिजनों ने खुशी जताई है और डॉक्टर्स को इंसान के रूप में भगवान बताया है।

blob:https://www.no2politics.com/6cd850cc-d9a5-4869-a41c-8ec6213cf1c6

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here