इंदौर के मल्हारगंज थाना क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान एक हेड कांस्टेबल पर धारदार चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में हेड कांस्टेबल पवन सिसोदिया गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, मल्हारगंज थाने पर पदस्थ हेड कांस्टेबल पवन सिसोदिया ड्यूटी के दौरान सदर बाजार से मल्हारगंज की ओर जा रहे थे। इसी दौरान इमली बाजार के पास उन्होंने एक युवक को धारदार चाकू से खुद को घायल करते हुए देखा। युवक की पहचान शुभम जाटव के रूप में हुई है, बताया जा रहा है कि आरोपी शुभम जाटव ने पहले खुद पर चाकू से हमला किया और इसके बाद वहां मौजूद एक दुकानदार पर भी हमला करने का प्रयास किया। यह देख हेड कांस्टेबल पवन सिसोदिया बीच-बचाव करने के लिए मौके पर पहुंचे।
इसी दौरान आरोपी ने हेड कांस्टेबल पर ही चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने पवन सिसोदिया के हाथ, पैर और गर्दन के पीछे चाकू से करीब छह से सात वार किए। अचानक हुए हमले में हेड कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल हेड कांस्टेबल पवन सिसोदिया को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
वहीं आरोपी शुभम जाटव भी घायल अवस्था में मिला, जिसे पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी ने खुद को चाकू से क्यों घायल किया और दुकानदार तथा हेड कांस्टेबल पर हमला करने के पीछे उसकी क्या मंशा थी, इसे लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस के मुताबिक जांच के बाद ही हमले की पूरी वजह और घटनाक्रम स्पष्ट हो सकेगा।
बाइट – सुमित केरकेट्टा , एडिशनल डीसीपी , इंदौर


