छतरपुर / नौगांवछतरपुर जिले के नौगांव बस स्टैंड स्थित पुरानी पुलिस चौकी में बीती रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां चौकी के अंदर ही पदस्थ प्रधान आरक्षक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और मौके पर अफसरों की भीड़ लग गई।
मृतक की पहचान तरुण गंधर्व निवासी सागर के रूप में हुई है, जो नौगांव थाने में प्रधान आरक्षक के पद पर पदस्थ था। उनकी उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि घटना देर रात की है, जब चौकी के अंदर उनका शव फांसी के फंदे पर लटका मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।नौगांव एसडीओपी अमित मेश्राम ने प्रारंभिक जानकारी में बताया कि प्रधान आरक्षक मानसिक तनाव में थे, जिसके चलते उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया हो सकता है। हालांकि आत्महत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक और स्तब्धता का माहौल है। स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर चर्चा बनी हुई है। पुलिस मृतक के परिजनों से भी पूछताछ कर रही है ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।


