मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। करनवास थाना क्षेत्र में आजाद पेट्रोल पंप के पास इंदौर से आगरा जा रही एक यात्री बस और ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे के वक्त अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे, जिससे उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला। दुर्घटना में करीब 29 यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही डायल 108 और 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल ब्यावरा सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी को अन्य बड़े अस्पतालों के लिए रेफर कर दिया गया। इस हादसे में एक 35 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा तेज रफ्तार या चालक की लापरवाही के चलते हुआ हो सकता है।


