छिंदवाड़ा-बैतूल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक-पिकअप की टक्कर में 5 मजदूरों की मौत, 20 घायल

छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग पर टेमनी खुर्द गांव के समीप सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मजदूरों से भरी एक पिकअप वाहन और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर में 5 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे में एक गंभीर घायल को बेहतर उपचार के लिए नागपुर रेफर किया गया है।जानकारी के अनुसार, ग्राम मछेरा के मजदूर पिकअप वाहन में सवार होकर कन्हरगांव मजदूरी करने जा रहे थे। इसी दौरान टेमनी खुर्द के पास तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार मजदूरों में चीख-पुकार मच गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। कई घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है, जबकि एक गंभीर घायल को नागपुर रेफर किया गया है।हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारू कराया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाया। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है।पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर ट्रक की तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है। क्षेत्र में इस दर्दनाक हादसे के बाद शोक का माहौल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here