कोलार पुलिस ने आईपीसी की धारा 465 व 471 के तहत दर्ज
मामला आईएएस एमके सिंह की पत्नी बनकर ममता पाठक ने उनके खाते से हड़प लिए 53.70 लाख रुपए

फर्जी आधार कार्ड का किया उपयोग
कोलार थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल ने बताया कि एमके सिंह का एड्रेस दानिश हिल्स व्यू 1/75 है, जबकि ममता पाठक का पता दानिश हिल्स व्यू 1/86 है। ममता पाठक ने 19 फरवरी 2021 को अपना आधार कार्ड इसी पते पर बनवाया, जिसमें मूल आधार कार्ड में मतता पाठक पिता सिद्धगोपाल पाठक (एसजी पाठक) लिखा हुआ है। जबकि इसी मूल आधार कार्ड को कूटरचित करते हुए ममता पाठक ने पति के नाम के आगे एमके सिंह लिख लिया और उनका पता भी 1/86 दानिश हिल्स व्यू लिख लिया है।
पत्नी बनकर अपने नाम कराई रकम
थाना प्रभारी ने बताया कि ममता पाठक ने एमके सिंह की मृत्यु के बाद मंदाकिनी कोलार में स्थित आईसीआईसीआई बैंक में एमके सिंह के नाम जो खाता था, उसमें एमके सिंह के वारिस के रूप में अपने को प्रस्तुत किया और अपना कूटरचित आधार कार्ड लगाया, जिसमें पति के रूप में एमके सिंह का नाम लिखा है। बैंक ने इसी आधार पर एमके सिंह की एफडी और खाते में जमा अन्य राशि ममता पाठक को दे दिए।
सलीना सिंह ने दो माह पहले की थी शिकायत
पुलिस सूत्रों के अनुसार रिटायर्ड एसीएस सलीना सिंह ने करीब दो माह पहले कोलार थाना पुलिस में शिकायत की थी कि मैं एमके सिंह की पत्नी हूं। एमके सिंह के दो विधिक वारिस डॉ. महक सिंह व मन्नत सिंह हैं। ममता पाठक ने एमके सिंह के विधिक उत्तराधिकारियों की संपत्तियों को कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर सिंह की पत्नी बनकर हड़प ली है। इसी आधार पर कोलार पुलिस ने जांच की और और ममता पाठक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।