इंदौर में कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 19 सितंबर को प्रस्तावित कार्यक्रम के लिए इंदौर विकास प्राधिकरण यानी IDA ने पांच शर्तों के साथ मैदान उपलब्ध कराने की अनुमति दी है। IDA ने स्पष्ट किया है कि आयोजकों को केवल खाली जमीन उपलब्ध कराई जा रही है, जबकि सुरक्षा, सरकारी अनुमतियां और अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी आयोजकों की होगी।
राहुल गांधी 19 सितंबर को इंदौर पहुंचेंगे। कार्यक्रम के लिए रीजनल पार्क के सामने स्थित IDA का करीब 12 हजार वर्गमीटर मैदान उपलब्ध कराया गया है। इसके लिए कांग्रेस की ओर से करीब 10.08 लाख रुपये जमा किए गए हैं।कांग्रेस के मुताबिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र शामिल होंगे। करीब 5 एकड़ क्षेत्र में हाईटेक और वॉटरप्रूफ डोम तैयार किया जा रहा है, जिसमें करीब 1 लाख युवाओं के बैठने की क्षमता होने का दावा किया जा रहा है।बारिश के चलते मैदान में कीचड़ की स्थिति है, जिसके चलते मिट्टी और गिट्टी डालकर जमीन को समतल करने का काम जारी है। डोम और मंच तैयार करने के लिए दिल्ली से आई टीम व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही है।
IDA की पांच प्रमुख शर्तें—
आयोजकों को केवल खाली जमीन उपलब्ध कराई गई है।स्थल पर आवश्यक सुरक्षा प्रबंध आयोजकों को स्वयं करने होंगे।सभी संबंधित सरकारी विभागों से आवश्यक NOC और अनुमति लेना अनिवार्य होगा।लाउडस्पीकर के उपयोग के लिए पूर्व अनुमति लेना होगी।यदि 17 से 19 सितंबर के अलावा पहले या बाद में जमीन का उपयोग किया जाता है, तो उसका अतिरिक्त किराया देना होगा।


